Twisha Sharma Death Case: भोपाल के हाईप्रोफाइल ट्विशा शर्मा मौत मामले में विशेष जांच दल (SIT) ने अपनी जांच तेज कर दी है। SIT ने मुख्य आरोपी और ट्विशा के पति समर्थ सिंह से करीब तीन घंटे तक गहन पूछताछ की। जिसके बाद टीम ने इस केस की कड़ियों को जोड़ने और घटनाक्रम को समझने के लिए घटनास्थल पर करीब दो घंटे तक क्राइम सीन का रीक्रिएशन किया।
ट्विशा शर्मा की फाइल फोटो
गर्भपात के बाद परेशान थी ट्विशा - समर्थ सिंह
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान समर्थ सिंह ने दावा किया कि गर्भपात होने के बाद ट्विशा मानसिक रूप से बहुत परेशान रहने लगी थी। जब जांच अधिकारियों ने उससे फरार रहने की अवधि को लेकर सवाल पूछे, तो वह बार-बार जांच टीम को गुमराह करने की कोशिश करता हुआ नजर आया। सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान समर्थ सिंह अपने पुराने बयान पर कायम रहा। उसने दावा किया कि उसने ट्विशा को 7 लाख रुपये दिए थे। एसआईटी अब इस दावे की भी जांच कर रही है और आर्थिक लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों को खंगाल रही है।
समर्थ का मोबाइल और लैपटॉप जब्त
जांच के दौरान एसआईटी ने समर्थ सिंह के कई अहम सामान जब्त किए हैं, जिनमें उसका लैपटॉप, मोबाइल फोन, पासपोर्ट, आधार कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण डॉक्यूमेंट्स शामिल हैं। अधिकारियों का मानना है कि इन इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेस और दस्तावेजों से इस केस से जुड़े कई अहम सुराग मिल सकते हैं। SIT की टीम अब डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच भी करवा रही है, ताकि घटना से पहले और बाद की गतिविधियों के बारे में पूरी जानकारी पता चल सके। इस मामले पर देशभर के लोगों की नजर बनी हुई है, वहीं परिवार लगातार निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
