Odisha News: ओडिशा के कालाहांडी में अचानक आई बाढ़ में दो नाबालिग लड़कियों सहित तीन लोग बह गए। लेकिन एक ट्रैक्टर चालक की सूझबूझ से तीनों की जान बच गई। इस घटना की एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। जानकारी के मुताबिक यह घटना थुआमुल रामपुर ब्लॉक के अद्री गांव के पास स्थित थुआमल गांव के चंदिगिरी नाले की है। नदी में आए उफान के कारण यहां बाढ़ आ गई थी। अचानक आई बाढ़ में तीन लोग बह गए, जिसमें दो नाबालिग बच्चियां थी। ट्रैक्टर चालक ने इन्हें बहते हुए देखा और सूझबूझ दिखाते हुए तीनों की जान बचाई।
बताया जा रहा है कि एक महिला अपनी दो नाबालिग बच्चियों के साथ भारी बारिश से बचने के लिए नाले के पास बने पुल के नीचे छिप गई थी। इसी दौरान अचानक उफान आने से वह अचानक बह गई और मदद के लिए चिल्लाने लगी। उसके चिल्लाने की आवाज सुनते ही दामू मुदुली नामक एक ट्रैक्टर चालक ने तुरंत स्थानीय लोगों की सहायता से तीनों को समय रहते हुए रस्सी की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला। ट्रैक्टर चालक की बहादुरी और त्वरित सूझबूझ ने महिलाओं को एक भयावह स्थिति से बचा लिया।
