Dehradun News: देहरादून से फिल्मी स्टाइल में चोरी की वारदात सामने आई है। जहां चोर ने हीरो के अंदाज में छत फाड़ते हुए एंट्री मारी है, हालांकि उसका इरादा बिल्कुल भी हीरो वाला नहीं था। चोर ने नगर निगम के ऑफिस को चोरी के लिए अपना निशाना बनाया। जहां वह छत को फाड़ते हुए कमरे में दाखिल हुआ। इस दौरान उसने कंप्यूटर समेत कई सामानों को नुकसान पहुंचाया। इस पूरी वारदात का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया है। इस घटना ने देहरादून नगर निगम की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े किए हैं।
देहरादून नगर निगम में छत फाड़कर घुसा चोर
कार्यालय को भारी नुकसान
रविवार को दिनदहाड़े देहरादून निगम परिसर में एक अज्ञात चोर के छत के रास्ते घुस जाने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि आरोपी शख्स गैलरी से होते हुए सीढ़ियों के रास्ते छत पर पहुंचा, जहां से वह रोशनदान का शीशा तोड़कर भूमि अनुभाग के अधिकारी कक्ष में घुस आया। इस घटना के सीसीटीवी फुटेज में चोर फाल्स सीलिंग तोड़कर नीचे गिरते हुए नजर आ रहा है। गिरने के कारण वह घबराकर वहां से फरार हो गया। इस दौरान वह किसी कीमती सामान की चोरी कर सका। लेकिन कार्यालय को भारी नुकसान हुआ है।
फाल्स सीलिंग टूटी मिली
सोमवार सुबह जब निगम के कर्मचारी ऑफिस पहुंचे, तो उन्हें भूमि अनुभाग के कक्ष में फाल्स सीलिंग टूटी पड़ी दिखाई दी। दो कंप्यूटरों और यूपीएस को भी नुकसान पहुंचा है। भले ही चोर बिना किसी कीमती सामान को चुराए वहां से फरार हो गया। लेकिन इस तरह से चोर का दफ्तर में घुसना एक बार फिर से देहरादून नगर निगम की सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिन्ह लगा रहा है। फिलहाल इस पूरे मामले की जांच की जा रही है।
