Telangana Accident News: तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे हो गया। जहां एक तेज रफ्तार प्राइवेट बस सड़क किनारे खड़ें कंटनेर डीसीएम में जा घुसी। इस हादसे में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 11 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। इस हादसे पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने घटना पर गहरा दुख जताया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को निर्देश दिया कि सभी घायलों को हर संभव बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने अधिकारियों से घायलों की स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखने को भी कहा।
सूर्यापेट में भीषण सड़क हादसा
हैदराबाद से आंध्र प्रदेश जा रही थी बस
यह हादसा कोडाड मंडल के दोराकुंटा के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, एक निजी ट्रैवल बस हैदराबाद से आंध्र प्रदेश के एलुरु जा रही थी, इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद कई यात्री बस के अंदर फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। जिसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया।
4 घायलों की हालत बेहद गंभीर
इस हादसे में पांच महिलाएं और एक पुरुष की मौत हो गई हैं। हादसे के बाद सभी घायलों को तत्काल आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, घायलों में चार की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में बस की खड़े कंटनेर के साथ टक्कर की बात सामने आई है। हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसकी सही वजह क्या थी, इसकी जांच की जा रही है।
