Surat Building Fire: गुजरात के सूरत शहर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां एक बिल्डिंग में आग लगने के बाद गैस सिलेंडरों में धमाका हो गया। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 अन्य लोग झुलसकर घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना के बाद दमकल की 4 गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने में जुट गईं।
सांकेतिक फोटो
बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर लगी आग
फायर विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 5:30 बजे भरतनगर के कपोदरा इलाके में रचना सर्कल के पास एक इमारत में हुई। जिसकी तीसरी मंजिल पर एक एंब्रॉयडरी यूनिट चल रही थी, जहां अचानक आग लग गई। जिसके कुछ ही देर बाद वहां रखे गैस सिलेंडरों में धमाके होने लगे। अधिकारियों ने बताया कि बिल्डिंग में कुल आठ गैस सिलेंडर रखे हुए थे, जिनमें से दो सिलेंडर फट गए। इन धमाकों के कारण आग और भी तेजी से फैल गई, जिससे स्थिति और भयावह हो गई।
दमकल टीम पहुंचने से पहले फटा सिलेंडक
घटना की सूचना मिलते ही चार अलग-अलग फायर स्टेशनों से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। लेकिन उससे पहले ही एक सिलेंडर आग की चपेट में आने से फट चुका था। जिससे और आग तेजी से फैल रही थी। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया।फायर ब्रिगेड की टीम ने बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर लगी शीट को तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। दमकलकर्मियों ने कुल 11 लोगों को बिल्डिंग से सुरक्षित बाहर निकाला। जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से 9 लोग मामूली से मध्यम रूप से झुलसे हुए हैं, जबकि दो लोगों की मौत हो गई।
दमकल कर्मियों ने फिलहाल इमारत में लगी आग पर काबू पा लिया है। वहीं घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। हालांकि अभी तक आग लगने की वजह का पता नहीं चल सका है। अधिकारियों ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
