Maharashtra News: महाराष्ट्र की नवनियुक्त उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को मंगलवार को पुणे और बीड जिलों का 'पालक मंत्री' (संरक्षण मंत्री) नियुक्त किया गया है। यह प्रभार पहले उनके पति अजित पवार के पास था, जिनका पिछले हफ्ते बारामती में एक दुखद विमान दुर्घटना में निधन हो गया था। शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, सुनेत्रा पवार अब इन दोनों महत्वपूर्ण जिलों के विकास कार्यों और प्रशासनिक तालमेल का नेतृत्व करेंगी।
सुनेत्रा ने 31 जनवरी को ली थी डिप्टी CM पद की शपथ ( चित्र साभार: PTI)
विमान दुर्घटना और सत्ता का हस्तांतरण
बता दें कि 28 जनवरी 2026 को बारामती में हुए एक 'लेयरजेट 45' विमान हादसे में अजित पवार का असामयिक निधन हो गया था। इस घटना ने महाराष्ट्र की राजनीति और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) में एक बड़ा शून्य पैदा कर दिया था। पार्टी की स्थिरता बनाए रखने के लिए 31 जनवरी को सुनेत्रा पवार ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली, जिससे वे महाराष्ट्र के इतिहास में इस पद पर आसीन होने वाली पहली महिला बन गईं।
विभागों का बंटवारा
सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सुनेत्रा पवार को अजित पवार के पुराने विभागों में से राज्य उत्पाद शुल्क (आबकारी), खेल एवं युवा कल्याण और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग सौंप दिए हैं। हालांकि, राज्य का महत्वपूर्ण वित्त मंत्रालय फिलहाल मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने पास ही रखा है। आगामी बजट सत्र को देखते हुए यह फैसला अहम माना जा रहा है।
NCP की नई राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकती हैं सुनेत्रा
अजित पवार के निधन के बाद NCP के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद भी रिक्त है। महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा चल रही है कि, कुछ नेताओं और विधायकों ने सुनेत्रा पवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने की मांग की है। प्रफुल्ल पटेल इस दौड़ में शामिल नहीं हैं। हालांकि पार्टी ने अबतक ऐसे कयासों पर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
पुणे और बीड की जिम्मेदारी क्यों है अहम?
पालक मंत्री के रूप में सुनेत्रा पवार के पास इन जिलों के बजट, भूमि अधिग्रहण और स्थानीय विकास परियोजनाओं का सीधा नियंत्रण होगा। पुणे हमेशा से पवार परिवार का राजनीतिक गढ़ रहा है, ऐसे में यहां की कमान संभालना सुनेत्रा पवार के राजनीतिक भविष्य और क्षेत्र पर पकड़ मजबूत करने के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
