Sultanpur News: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में सोमवार सुबह भीषण हादसा हो गया। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एक कार की खड़े ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और 7 अन्य लोग घायल हो गए। यह कार लखनऊ से आजमगढ़ की ओर जा रही थी। इसी दौरान जयसिंहपुर थाना क्षेत्र में कार पीछे से ट्रक से टकरा गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
टक्कर से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त
जयसिंहपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) आरके चतुर्वेदी ने बताया कि पशु आहार से लदा ट्रक बिहार जा रहा था। तभी जयसिंहपुर थाना क्षेत्र की सेमरी पुलिस चौकी अंतर्गत दरपीपुर के निकट उसका एक्सल टूट गया, जिससे वह एक्सप्रेस-वे पर खड़ा हो गया। सीओ ने बताया कि इसी दौरान लखनऊ से आजमगढ़ की ओर जा रही एक कार सुबह लगभग साढ़े आठ बजे घने कोहरे के कारण ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
अंबेडकरनगर अस्पताल में भर्ती घायल
सीओ ने बताया कि इस हादसे में आजमगढ़ के सराय मीर थाना क्षेत्र के देवखर निवासी सिकंदर (27), शम्भूनाथ (55) और सुरेंद्र (30) की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में सात अन्य लोग घायल हो गए जिन्हें अम्बेडकर नगर अस्पताल रेफर कर दिया गया। चतुर्वेदी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
(इनपुट - भाषा)
