Ranchi News: रांची में आयोजित SSC GD कांस्टेबल 2026 परीक्षा के दौरान तकनीकी गड़बड़ी और कथित साइबर हस्तक्षेप का मामला सामने आया है। इस मामले में रांची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, परीक्षा केंद्र The Futuristic Online Examination Center (सेंटर कोड-160513) के लैब-01 में कुछ कंप्यूटर सिस्टम के मॉनिटर पर कर्सर खुद ही ऑपरेट होते दिखाई दिए। ऐसे में स्थिति संदिग्ध लगने पर इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस और परीक्षा के लिए नियुक्त नोडल पदाधिकारी को दी गई, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई।
रांची में SSC GD परीक्षा में गड़बड़ी का खुलासा
कई विशेष टीमों का गठन
बताया जा रहा है कि, मामले की जानकारी मिलते ही रांची पुलिस हरकत में आ गई और सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में कई विशेष टीमों का गठन किया गया। विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर पूरे मामले की गहन जांच शुरू की गई। पुलिस ने जांच के आधार पर परीक्षा केंद्र के सेंटर सुपरिटेंडेंट, आईटी हेड और छह अभ्यर्थियों के खिलाफ सुखदेवनगर (पंडरा) थाना में कांड संख्या-167/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
क्या-क्या हुआ बरामद
पुलिस की छापेमारी और जांच के दौरान छह कंप्यूटर सिस्टम, दो डीवीआर, दो फायरवॉल डिवाइस, एयरटेल और जियो के राउटर, एक सीपीयू, दो सी-डैक बॉक्स, छह एडमिट कार्ड, पांच मोबाइल फोन और एक टैबलेट बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार किए गए अभ्यर्थियों में बिहार, झारखंड समेत विभिन्न जिलों के परीक्षार्थी शामिल बताए जा रहे हैं।
मामले की हर पहलू से जांच जारी
फिलहाल पुलिस तकनीकी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस पूरे मामले के पीछे किसी संगठित गिरोह या साइबर नेटवर्क की संलिप्तता तो नहीं है। बताया जा रहा है कि इस घटना के सामने आने के बाद भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
