SpiceJet Video: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से पुणे जाने वाली स्पाइसजेट की उड़ान में उड़ान भरने से ठीक पहले एक बड़ा हंगामा खड़ा हो गया। प्लेन के भीतर अचानक एयर कंडीशनिंग (AC) सिस्टम के काम न करने और अत्यधिक गर्मी के कारण केबिन का तापमान बहुत बढ़ गया, जिससे उसमें सवार यात्रियों का दम घुटने लगा। विमान में कई छोटे बच्चे और बुजुर्ग यात्री भी सवार थे, जिन्हें पसीने से लथपथ और सांस लेने में भारी तकलीफ का सामना करना पड़ा। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि आक्रोशित यात्रियों ने विमान को टेक-ऑफ करने से साफ इनकार कर दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
यात्रियों ने एयरलाइन क्रू पर लगाए बदसलूकी के आरोप
यात्रियों के अनुसार, उड़ान भरने की तैयारी के दौरान ही केबिन के अंदर का तापमान बहुत तेजी से बढ़ने लगा था। एसी सही से काम न करने के कारण यात्रियों को भारी घुटन महसूस होने लगी। विमान में मौजूद बच्चों और बुजुर्गों को घुटन के कारण काफी परेशानी हुई और वे पसीने से तर-बतर हो गए। यात्रियों का आरोप है कि विमान में कोई गंभीर तकनीकी खराबी थी, जिसके बावजूद उसे उड़ाने की कोशिश की जा रही थी। कुछ यात्रियों ने यह भी दावा किया कि जब उन्होंने इस बाबत एयरलाइन स्टाफ से शिकायत की और कार्रवाई की मांग की, तो उनके साथ एयरलाइन कर्मियों ने अभद्र व्यवहार किया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- जेल में देवेगौड़ा के पोते के पास मिला फोन, रेप केस में उम्रकैद काट रहे हैं प्रज्वल रवन्ना
स्पाइसजेट ने बदला विमान, आधिकारिक बयान जारी कर जताया खेद
मामला बढ़ता देख और यात्रियों के उग्र विरोध के बाद आखिरकार एयरलाइन प्रबंधन को कदम उठाना पड़ा। स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने घटना पर आधिकारिक बयान जारी करते हुए स्थिति स्पष्ट की। स्पाइसजेट ने कहा कि 11 अगस्त 2026 को दिल्ली से पुणे के लिए संचालित होने वाली स्पाइसजेट की उड़ान SG 105 में ऐन वक्त पर एक तकनीकी खराबी आ गई थी। इसके तुरंत बाद यात्रियों के लिए एक दूसरे विमान की व्यवस्था की गई और उड़ान को पुणे के लिए रवाना किया गया। स्पाइसजेट यात्रियों को हुई इस असुविधा के लिए गहरा खेद व्यक्त करती है।
फ्लाइट SG 105 को दूसरे विमान से पुणे रवाना किया गया, लेकिन इस पूरी घटना के कारण यात्रियों को काफी देर तक असुविधा और तनाव का सामना करना पड़ा।
