मध्य प्रदेश के कटनी जिले में शनिवार को कोयले से भरी एक मालगाड़ी के छह डिब्बे पटरी से उतर जाने से व्यस्त रेलवे मार्ग पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया। इस घटना के चलते कई ट्रेनों को बदले हुए मार्ग से चलाना पड़ा। अधिकारियों के अनुसार पश्चिम मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हर्षित श्रीवास्तव ने बताया कि न्यू कटनी जंक्शन (एनकेजे) सेक्शन में रेल लाइन को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए तेजी से मरम्मत कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मरम्मत कार्य की निगरानी के लिए जबलपुर से विशेषज्ञों की एक टीम घटनास्थल पर पहुंच चुकी है। जानकारी के मुताबिक यह हादसा सुबह करीब 10:30 बजे एनकेजे क्षेत्र में ‘ए केबिन’ के पास हुआ। इसके कारण छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से जुड़ी रेल लाइनों पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
कटनी में कोयले से लदी मालगाड़ी के 6 डिब्बे पटरी से उतरे (प्रतीकात्मक फोटो)
चार ट्रेनों का मार्ग बदला गया
कटनी क्षेत्र प्रबंधक रोहित सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि कोयले से लदी यह मालगाड़ी बिलासपुर से पश्चिम बड़ौदा जा रही थी, तभी इसके छह डिब्बे पटरी से उतर गए। उन्होंने बताया कि इस घटना की सूचना मिलने के बाद रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का आकलन शुरू किया। अधिकारियों ने यह भी बताया कि इस घटना के वजह से बिलासपुर की ओर जाने वाला रेल यातायात प्रभावित हुआ है। ऐसे में, चार ट्रेनों का मार्ग बदला गया है, जबकि दो ट्रेनों को ’शॉर्ट टर्मिनेट’ और दो को ’शॉर्ट ओरिजिनेट’ किया गया है।
“क्वींस ऑन द व्हील” अभियान शुरू
वहीं, मध्य प्रदेश के ऐतिहासिक और प्रमुख पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने “क्वींस ऑन द व्हील” अभियान शुरू किया है। इस पहल के तीसरे चरण में 25 महिला बाइकर्स करीब 1400 किलोमीटर लंबी यात्रा पर निकली हैं, जिन्हें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मध्य प्रदेश अपनी समृद्ध संस्कृति और पर्यटन स्थलों के लिए जाना जाता है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। इन्हीं पर्यटन स्थलों को और व्यापक पहचान दिलाने के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। क्वींस ऑन द व्हील 3.0 के तहत महिला सुपर बाइकर्स को मुख्यमंत्री निवास से यात्रा के लिए रवाना किया गया, जो प्रदेश के विभिन्न ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण करेंगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि क्वींस ऑन द व्हील 3.0 केवल एक बाइक रैली नहीं है, बल्कि यह नारी शक्ति, साहस और पर्यटन को बढ़ावा देने का एक प्रेरणादायक अभियान है। उन्होंने देश के अलग-अलग हिस्सों से आई महिला बाइकर्स का स्वागत करते हुए कहा कि “देश का दिल मध्य प्रदेश अजब भी है, गजब भी है और महिलाओं की सुरक्षा के लिए पूरी तरह सजग भी है।”
(इनपुट - आईएएनएस)
