गुवाहाटी: असम में बाढ़ से लगातार बिगड़ते हालात के बीच गुरुवार को छह और लोगों की मौत हो गई। प्रदेश में बाढ़ से 29 जिलों के 21 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। एक आधिकारिक के मुताबिक राज्य की बड़ी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) की दैनिक बाढ़ रिपोर्ट के अनुसार, जान गंवाने वाले छह लोगों में से चार लोग गोलाघाट के रहने वाले थे जबकि डिब्रूगढ़ और चराईदेव में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई।
असम में बाढ़ से छह लोगों की मौत
भूस्खलन और तूफान से मरने वालों की संख्या 62
रिपोर्ट के मुताबिक, इस वर्ष बाढ़, भूस्खलन और तूफान से मरने वालों की संख्या 62 हो गई। रिपोर्ट में बताया गया कि बाढ़ से 29 जिलों के कुल 21,13,204 लोग प्रभावित हैं, जबकि 57,018 हेक्टेयर कृषि भूमि जलमग्न है। रिपोर्ट के मुताबिक, सबसे अधिक प्रभावित जिलों में धुबरी शामिल है, जहां 6,48,806 लोग प्रभावित हुए हैं। वहीं दरांग में 1,90,261, कछार में 1,45,926, बारपेटा में 1,31,041 और गोलाघाट में 1,08,594 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। वर्तमान में, 39,338 प्रभावित लोग 698 राहत शिविरों में शरण लिये हुए हैं।
ब्रह्मपुत्र, दिगारू और कोलोंग नदियां उफान पर
बुलेटिन के मुताबिक विभिन्न एजेंसियों ने नावों का उपयोग कर एक हजार से अधिक लोगों और 635 जानवरों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। कामरूप (महानगर) जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है, जहां ब्रह्मपुत्र, दिगारू और कोलोंग नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
(इनपुट-भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
