Nashik News: महाराष्ट्र के नासिक जिले के निफाड शहर में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक को लेकर शिवसेना (उद्धव ठाकरे) गुट ने बेहद अनोखा और आक्रामक प्रदर्शन किया है। आवारा कुत्तों के हमलों से परेशान नागरिकों की आवाज उठाते हुए ठाकरे गुट के नेताओं ने नगर पंचायत कार्यालय में जमकर हंगामा किया और मुख्याधिकारी के दफ्तर में ही आवारा कुत्ते छोड़ दिए। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।
अधिकारी के दफ्तर में आवारा कुत्ते छोड़कर किया विरोध
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, निफाड शहर में पिछले कुछ समय से आवारा कुत्तों का आतंक काफी बढ़ गया है। जिसके कारण आए दिन लोगों पर हमले और काटने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे स्थानीय नागरिकों में भारी नाराजगी है। आरोप है कि शिकायतों के बावजूद नगर पंचायत प्रशासन की ओर से समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी बात से खफा शिवसेना (उद्धव गुट) के नेताओं ने प्रशासन को नींद से जगाने के लिए यह अनोखा रास्ता अपनाया।
नोटों की माला पहनाने की कोशिश
युवासेना जिलाप्रमुख विक्रम रंधवे के नेतृत्व में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने निफाड नगर पंचायत के मुख्याधिकारी धीरज भामरे के कार्यालय में उनकी मेज पर आवारा कुत्तों को लाकर छोड़ दिया। यही नहीं, कार्यकर्ताओं ने मुख्याधिकारी को नोटों की माला पहनाने की भी कोशिश की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और आवारा कुत्तों की समस्या पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
प्रशासन पर अनदेखी का आरोप
शिवसेना नेताओं का आरोप है कि आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर बार-बार शिकायत आने के बावजूद नगर पंचायत प्रशासन कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है और इस गंभीर मुद्दे पर कोई भी उचित कदम नहीं उठाया जा रहा है। इस अनोखे प्रदर्शन के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
