हरियाणा और पंजाब में भीषण ठंड पड़ रही है। साथ ही कई जिलों में शीतलहर और घने कोहरे का प्रकोप भी जारी है। सर्द हवाओं के चलते तापमान में भी गिरावट देखने को मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को पंजाब में सबसे ठंडे जिले बठिंडा और फरीदकोट रहे। यहां का न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं हरियाणा में हिसार भीषण ठंड की चपेट में रहा। यहां का न्यूनतम पारा 3.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
पंजाब में आज मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार मौसम विभाग के अनुसार आज पंजाब में आज सभी जिलों में घने से अत्यंत घने कोहरे का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कई जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट भी है। बर्फीली हवाओं के चलते तापमान में भी कमी दर्ज की जा रही है। प्रदेश में कई जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के अंदर देखने को मिला। पिछले 24 घंटे में अमृतसर में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री, लुधियाना में 8 डिग्री, पटियाला में 7 डिग्री और गुरदासपुर में 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हरियाणा में आज कैसा रहेगा मौसम
हरियाणा में भी लोग भीषण ठंड की मार झेल रहे हैं। हरियाणा में भी अधिकांश जिले शीतलहर और घने कोहरे की चपेट में है। मौसम विभाग ने आज सभी जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही कहीं-कहीं शीत दिवस की चेतावनी भी जारी की गई है। हरियाणा में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री से भी नीचे लुढ़क गया है। रविवार को हिसार में न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा अंबाला में 9.2 डिग्री, रोहतक में 7.6 डिग्री, भिवानी में 4.8 डिग्री और करनाल में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
चंडीगढ़ में दिन में भी भीषण ठंड
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में रविवार को न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते दिन चंडीगढ़ में दिन में भी लोगों को भीषण ठंड झेलनी पड़ी। इस दौरान अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री कम था। पिछले कुछ दिनों में हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में भारी गिरावट देखने को मिली है। जिससे ठंड में और इजाफा हो गया है। फिलहाल ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है।
