दिल्ली के पूर्व जल मंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता सत्येंद्र जैन को दिल्ली जल बोर्ड (DJB) के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के अपग्रेडेशन टेंडर प्रक्रिया में कथित भ्रष्टाचार और आपराधिक साजिश के मामले में गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के बाद मंगलवार देर रात उन्हें मेडिकल टेस्ट के लिए अरुणा आसफ अली अस्पताल ले जाया गया। दिल्ली की एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) ने इस मामले में सत्येंद्र जैन समेत कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है।
सत्येंद्र जैन को गिरफ्तारी के बाद मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया
बीजेपी ने AAP पर साधा निशाना
सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के बाद बीजेपी और आम आदमी पार्टी के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने AAP पर निशाना साधते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल खुद को ईमानदार बताते हैं, लेकिन उनके मंत्री को एक बार फिर गिरफ्तारी का सामना करना पड़ा है। बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने भी आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार का पूरा ध्यान सिर्फ 'प्रचार और भ्रष्टाचार' पर ही था। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियों की कार्रवाई से अब दिल्ली की जनता को न्याय मिलने की उम्मीद है।
AAP ने लगाया जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप
वहीं, AAP सांसद संजय सिंह ने बीजेपी सरकार पर विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के लिए जांच एजेंसियों के इस्तेमाल का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "काम करने वाली सरकार को रोकना, परेशान करना और हर संभव दबाव बनाना ही भाजपा की नीति रही है। दिल्ली चुनावों से पहले भी अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन और मुझे गिरफ्तार किया गया था। इनका एकमात्र मकसद चुनाव में बाधा डालना और किसी भी तरह जीत से हासिल करना था।"
पंजाब चुनाव से जोड़ा गिरफ्तारी का मामला
AAP की राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी को आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव से जोड़ते हुए बीजेपी पर बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सत्येंद्र जैन पंजाब में AAP के सह-प्रभारी हैं और चुनाव करीब होने के कारण जांच एजेंसियों को सक्रिय कर दिया गया है। AAP ने यह भी दावा किया कि जिस तरह पार्टी के नेताओं को पुराने मामलों में राहत मिली है, उसी तरह इस मामले में भी सत्येंद्र जैन को राहत मिलेगी।
