Ram Govind Chaudhary Passes Away: उत्तर प्रदेश की राजनीति और समाजवादी पार्टी के लिए एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। सपा के वरिष्ठ नेता और प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष राम गोविंद चौधरी का शुक्रवार रात करीब 10 बजे के बाद निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे और लखनऊ के PGI में उनका इलाज जारी था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
वरिष्ठ सपा नेता राम गोविंद चौधरी का लखनऊ PGI में निधन (फोटो: X/@samajwadiparty/ANI)
उनके निधन की खबर आते ही पूरे राजनीतिक महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है। वहीं, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और पार्टी के अन्य शीर्ष नेताओं ने सोशल मीडिया के जरिए अपना गहरा खेद और संवेदनाएं प्रकट की हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: VIDEO: दीनदयाल जयंती पर युवाओं संग पीएम मोदी का अनोखा अंदाज, 'भजन क्लबिंग' में बजाई खंजड़ी
सीएम योगी और अखिलेश ने लिखा भावुक पोस्ट
सीएम योगी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा: "उत्तर प्रदेश विधान सभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मंत्री श्री राम गोविंद चौधरी जीका निधन अत्यंत दुःखद है। विनम्र श्रद्धांजलि। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।"
वहीं पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लिखा: "समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री राम गोविंद चौधरी जी का निधन, अत्यंत दुःखद ! ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहने का संबल प्राप्त हो। भावपूर्ण श्रद्धांजलि !"
साल 2017 में यूपी विधानसभा में बने थे नेता प्रतिपक्ष
आपको बता दें कि राम गोविंद चौधरी का नाम बलिया की स्थानीय राजनीति से लेकर उत्तर प्रदेश विधानसभा की राजनीति में बेहद सम्मान के साथ लिया जाता रहा है। वे एक-दो बार नहीं बल्कि आठ बार विधायक चुनकर यूपी विधानसभा पहुंचे और साल 2017 में उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी बने।
