Sabarkantha Accident: गुजरात के साबरकांठा जिले के हिम्मतनगर में सोमवार को दोलगढ़ पाटिया के पास बड़ा सड़क हादसा सामने आया। यहां एक कार ने सड़क से गुजर रहे 12 पदयात्रियों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और पदयात्रियों व स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद कार चालक मौके से निकलने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, स्थानीय लोगों और पदयात्रियों ने वाहन को रोक लिया। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने कार को आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और कार पूरी तरह जल गई।
सड़क हादसे का बाद कार पर फूटा लोगों का गुस्सा
प्रशासनिक टीम ने लिया स्थिति का जायजा
हादसे के बाद फोरलेन हाईवे पर वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर पदयात्रियों में भी नाराजगी जताई गई। घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस प्रमुख, डीएसपी, ग्रामीण पुलिस और बी डिवीजन पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। एलसीबी की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। कार में लगी आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया। वहीं, घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां ए डिवीजन पुलिस भी पहुंची। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति और घटना की जानकारी ली। मामलतदार और नायब मामलतदार समेत प्रशासनिक टीम ने भी अस्पताल में मौजूद रहकर स्थिति का जायजा लिया।
हादसे में घायल हुए लोगों के नाम
- दिलीपकुमार सज्जनसी पटेल, निवासी पंचमहल रोडरा
- महेशभाई मगनभाई पटेल, निवासी नाना चेखला
- हार्दिककुमार रतीलालभाई सोलंकी, निवासी उकेड़ीना मुवाड़ा, कपड़वंज
- मोहनभाई रमणभाई वाघेला, निवासी नाना चेखला
- चेतनाबेन मोहनभाई वाघरी, निवासी नाना चेखला
- सुनीलभाई नगीनभाई बारिया, निवासी कणजी पानी, तालुका जांबुघोड़ा
- वक्तुभाई गलाबाभाई वाघरी, निवासी नाना चेखला
- मुकेशकुमार नटवरभाई पटेल, निवासी दाणोतरा, तालुका गोधरा
- रमेशभाई चंद्रसिंह परमार, निवासी दाणोतरा, तालुका गोधरा
- आशाबेन महेशभाई पटेल, निवासी नाना चेखला
- रणजीतभाई रमेशभाई वाघेला, निवासी नाना चेखला
- विजयभाई धीरुभाई पटेल, निवासी दाणोतरा, तालुका गोधरा
फिलहल, पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों, कार चालक की भूमिका और वाहन में आग लगाए जाने की घटना को लेकर पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।
