शहर

मिस ऋषिकेश के रैंप वॉक की चल रही थी तैयारी, तभी आ धमके राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन के लोग और किया जमकर हंगामा

मिस ऋषिकेश की रैंप वॉक की तैयारी के दौरान एक हिंदुवादी संगठन के लोगों ने जमकर हंगामा किया। ऋषिकेश के एक होटल में चल रही इस तैयारी के दौरान राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन के कार्यकर्ता पहुंचे और मॉडल्स के कपड़ों को लेकर विरोध करना शुरू कर दिया।

Image

मिस ऋषिकेश की तैयारी के दौरान हिंदू शक्ति संगठन के सदस्यों ने किया हंगामा

तीर्थनगरी ऋषिकेश में लायंस क्लब रॉयल द्वारा आयोजित किए जाने वाले दीपावली मेले की तैयारियों को लेकर शनिवार को विवाद खड़ा हो गया। श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज खेल मैदान में होने वाले इस मेले के लिए एक होटल में युवतियों से रैंप वॉक की तैयारी कराई जा रही थी। तभी राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन के लोग वहां पहुंचे और मॉडल्स के कपड़ों को लेकर जमकर हंगामा किया।

हिंदूवादी संगठन का विरोध

जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राघवेन्द्र भटनागर अपने कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और आयोजकों को तीर्थनगरी की मर्यादा और हिंदू संस्कृति का हवाला देते हुए पश्चिमी परिधानों के प्रदर्शन पर रोक लगाने की बात कही। इसी बीच होटल मालिक का पुत्र अक्षत गोयल भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने राष्ट्रीय हिन्दू शक्ति संगठन के लोगों का विरोध करना शुरू कर दिया, जिसके बाद मामला बिगड़ गया। विवाद इतना बढ़ा कि कई लोगों को बीच बचाव करना पड़ा।

मॉडलिंग कर रही लड़कियों के कपड़े पर विरोध

इस मामले पर राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राघवेन्द्र भटनागर ने कहा कि तीर्थनगरी ऋषिकेश को हिंदू आस्था के नाम से जाना जाता है। सनातन धर्म महिलाओं को पूरे वस्त्रों में रहना सिखाता है। उन्होंने होटल में चल रहे युवतियों के कम वस्त्रों वाले मॉडलिंग शो का विरोध किया। उन्होंने कहा कि युवतियों और महिलाओं का कम वस्त्रों को पहनना हिंदू संस्कृति में नहीं है।

क्या बोला क्लब

वहीं दूसरी ओर क्लब के प्रेसिडेंट पंकज चंदानी ने कहा कि उनके क्लब द्वारा यह आयोजन मिस ऋषिकेश के चयन के लिए किया जा रहा है। जिससे बच्चियों को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि क्लब किसी की भी भावनाओं को आहत नहीं करना चाहता है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article