हरियाणा के रोहतक में गैंगवार की बड़ी वारदात सामने आई है। खरावड़ पुलिस चौकी से महज 50 कदम की दूरी पर स्थित मिलन ढाबे पर आधी रात करीब साढ़े 12 बजे पांच हथियारबंद बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर चार युवकों की हत्या कर दी। स्विफ्ट कार में सवार होकर पहुंचे हमलावरों ने ढाबे पर खाना खा रहे युवकों को निशाना बनाया। गोलीबारी की आवाज सुनते ही ढाबे पर अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। इस फायरिंग में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई और एक युवक को हमलावरों ने दौड़ाकर गोली मारी।
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस
तीन टेबल पर ही मरे, भागते चौथे युवक को पीछा कर मारा
हमलावरों की गोलीबारी में तीन युवकों की मौके पर ही खाने की टेबल पर मौत हो गई। चौथा युवक जान बचाकर वहां से भागा, लेकिन बदमाशों ने पीछा करके उसे भी गोलियों से छलनी कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान झज्जर के डीघल गांव निवासी रिंकू, विनित और गंजू और बेरी निवासी हिमांशु के रूप में हुई है। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश कई मिनट तक हथियार लहराते हुए मौके पर घूमते रहे और फिर फरार हो गए।
गैंगवार और पुरानी रंजिश के एंगल से जांच
पुलिस इस खूनी वारदात को भाऊ रिटोलिया और सन्नी रिटोलिया के बीच चल रही गैंगवार से जोड़कर देख रही है। इसके अलावा हाल के दिनों में डीघल गांव में हुए एक युवक के मर्डर से भी इसके तार जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही रोहतक पुलिस रेंज के आईजी हामिद अख्तर और एसपी गौरव राजपुरोहित समेत जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी आधी रात को घटनास्थल पर पहुंचे। सीआईए, स्पेशल सेल और एफएसएल (FSL) की टीमों ने मौके से साक्ष्य जुटाए और मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी है।
