शहर

नूंह में बाइक चोरों का आतंक; फिरौती लेकर छोड़ रहे गाड़ी, लोग तीन-तीन ताले लगाकर कर रहे सुरक्षा

हरियाणा के नूंह जिले में इन दिनों मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। चोर न केवल बाइक चुरा रहे हैं, बल्कि फिरौती लेकर उन्हें वापस करने का नया तरीका भी अपना रहे हैं।

Image

नूह में मोटरसाइकिल चोरी की बढ़ती घटनाएं (AI इमेज)

Nuh News: हरियाणा के नूंह में इन दिनों मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम जनता में भय का माहौल बना हुआ है। चोर न सिर्फ बाइक चोरी कर रहे हैं, बल्कि बाद में फिरौती लेकर उन्हें वापस भी कर रहे हैं। यह नया ट्रेंड लोगों के लिए बड़ी चिंता का विषय बन गया है। पुनहाना और पिनंगवा कस्बों में सबसे ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। चोर बाइक चोरी करने के बाद उनकी नंबर प्लेट बदल देते हैं या फिर मालिकों से संपर्क कर फिरौती मांगते हैं। पैसे मिलने के बाद बाइक लौटा दी जाती है, लेकिन कई बार उसके पार्ट्स गायब होते हैं।

पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के चलते परेशानी और बढ़ी

पिनांगवा क्षेत्र के ढाणा गांव पहाड़ से एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बड़ी संख्या में बाइक की नंबर प्लेट दिखाई दे रही हैं। इससे अंदेशा है कि यह क्षेत्र चोरों का अड्डा बन चुका है। धाना गांव का पहाड़, जमालगढ़ और पलवल जिले का रुपड़ाका गांव भी इस अवैध गतिविधि के केंद्र बताए जा रहे हैं। वहीं जिले के एकमात्र सामान्य अस्पताल मांडीखेड़ा में पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। यहां आने वाले मरीज और उनके परिजन इलाज के साथ-साथ अपनी मोटरसाइकिल की सुरक्षा को लेकर भी चिंतित रहते हैं। कई लोगों ने बताया कि उनकी बाइक अस्पताल से चोरी हो चुकी है, जिसे बाद में फिरौती देकर वापस लेना पड़ा।

2-3 तालों से बांधकर खड़ी कर रहे हैं लोग बाइक

इसी डर के कारण अब लोग अपनी बाइक को लोहे की बेल और 2-3 तालों से बांधकर खड़ी कर रहे हैं। एक वीडियो में साफ देखा गया कि एक व्यक्ति अपनी मोटरसाइकिल को दो अलग-अलग तालों और लोहे की चेन से बांधकर पार्क कर रहा है।स्थानीय लोगों ने पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन द्वारा चलाए जा रहे अभियान की सराहना करते हुए कहा कि बाइक चोरी और फिरौती के इस नेटवर्क पर और सख्ती से कार्रवाई की जरूरत है। लोगों का कहना है कि जिले में फिरौती का बड़ा खेल चल रहा है, जिस पर तुरंत शिकंजा कसना चाहिए।

90 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया

पुलिस प्रशासन के अनुसार पिछले कुछ दिनों में सघन अभियान चलाकर करीब 8600 से ज्यादा चालान किए गए हैं और लगभग 90 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है। साथ ही 16 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। फिरौती और चोरी के मामलों में जल्द ही बड़ी कार्रवाई की जाएगी और इसके लिए रणनीति तैयार की जा रही है। कुल मिलाकर नूंह जिले में बाइक चोरी और फिरौती का यह बढ़ता नेटवर्क प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है, जबकि आम लोग डर के साये में असामान्य कदम उठाने को मजबूर हैं।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article