Delhi Airport Flight Restrictions : गणतंत्र दिवस समारोह 2026 को लेकर राजधानी दिल्ली में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी कड़ी में 26 और 29 जनवरी को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हवाई क्षेत्र में अस्थायी प्रतिबंध लागू रहेंगे। इन प्रतिबंधों के बीच देशभर में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस का पर्व पूरे गर्व और उत्साह के साथ मनाने की तैयारियां जोरों पर हैं। हर साल की तरह इस बार भी राजधानी के कर्तव्य पथ पर भव्य गणतंत्र दिवस परेड आयोजित की जाएगी, जो देश की सैन्य शक्ति, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय एकता की शानदार झलक पेश करेगी।
गणतंत्र दिवस पर फ्लाइट्स सेवाएं रहेंगी बाधित
गणतंत्र दिवस परेड 2026 की खास बात यह है कि इस बार परेड की मुख्य थीम ‘वंदे मातरम्’ रखी गई है, जो देशभक्ति की भावना को और मजबूत करेगी। हजारों लोग इस ऐतिहासिक परेड को अपनी आंखों से देखने का सपना देख रहे हैं। अगर आप भी कर्तव्य पथ पर बैठकर इस यादगार पल का हिस्सा बनना चाहते हैं, तो इसके लिए पहले से टिकट बुक कराना जरूरी है। ऐसे में आइए जानते हैं कि 26 जनवरी की परेड के टिकट कब तक बुक होंगे और किन कैटेगरी में टिकट उपलब्ध हैं।
कब तक बुक होंगे 26 जनवरी परेड के टिकट?
गणतंत्र दिवस परेड 2026 के टिकटों की बिक्री 5 जनवरी 2026 से शुरू हो चुकी है और 14 जनवरी 2026 तक टिकट बुक किए जा सकते हैं। टिकटों की बिक्री हर दिन सुबह 9 बजे शुरू होती है। सीमित सीटों के कारण टिकट जल्दी खत्म हो सकते हैं। जिस दिन की सीटें भर जाएंगी, उस दिन की बुकिंग बंद कर दी जाएगी, इसलिए आखिरी तारीख का इंतजार करने के बजाय जल्द टिकट बुक कर लेना बेहतर होगा।
किन कैटेगरी में कर सकते हैं टिकट बुकिंग?
- गणतंत्र दिवस से जुड़े अलग-अलग कार्यक्रमों के लिए अलग-अलग कैटेगरी और कीमतों में टिकट उपलब्ध हैं।
- 26 जनवरी गणतंत्र दिवस परेड: टिकट की कीमत 20 रुपये और 100 रुपये, सीट की लोकेशन के अनुसार। आम लोगों के लिए सबसे सस्ता टिकट सिर्फ 20 रुपये में उपलब्ध है।
- 28 जनवरी बीटिंग रिट्रीट फुल ड्रेस रिहर्सल: टिकट की कीमत 20 रुपये। इसमें पूरी रिहर्सल देखने का मौका मिलेगा।
- 29 जनवरी बीटिंग रिट्रीट का मुख्य समारोह: टिकट की कीमत 100 रुपये। यह कार्यक्रम राष्ट्रपति भवन में आयोजित होता है और बेहद खास माना जाता है।
घर बैठे ऑनलाइन टिकट कैसे बुक करें?
पीआईबी (Press Information Bureau) के अनुसार, 26 जनवरी परेड के टिकट aamantran.mod.gov.in वेबसाइट से खरीदे जा सकते हैं। ऑनलाइन बुकिंग के लिए रक्षा मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा।
रजिस्ट्रेशन के दौरान नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, पता और ईमेल आईडी भरनी होगी, साथ ही किसी एक फोटो पहचान पत्र को अपलोड करना होगा। भुगतान पूरा होने के बाद आपको डिजिटल टिकट मिल जाएगा।
ऑफलाइन टिकट कहां से मिलेंगे?
जो लोग ऑनलाइन टिकट नहीं लेना चाहते, उनके लिए दिल्ली में कई जगह ऑफलाइन टिकट काउंटर लगाए गए हैं।
ऑफलाइन टिकट काउंटर का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक और दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा।
टिकट मिलने की जगहें इस प्रकार हैं:
- सेना भवन (गेट नंबर 5)
- शास्त्री भवन (गेट नंबर 3)
- जंतर-मंतर (मुख्य द्वार)
- संसद भवन रिसेप्शन
- राजीव चौक मेट्रो स्टेशन (डी ब्लॉक)
- कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन
ऑनलाइन या ऑफलाइन टिकट लेने के लिए वैध फोटो पहचान पत्र जरूरी है। इसमें आधार कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड या पासपोर्ट में से कोई एक मान्य होगा।
