Ranchi: रांची के ग्रामीण इलाके से मानव तस्करी के जरिए ले जाई गई 11 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता पाकुड़ जिले के एक गांव की रहने वाली है। घटना का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता दिल्ली से भागकर रांची लौटी। इसके बाद पीड़िता के बयानों के आधार पर 2 आरोपियों के खिलाफ रांची के कोतवाली थाने की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक, दुष्कर्म के वक्त पीड़िता दिल्ली में थी। किसी तरह वह आरोपियों के चंगुल से मुक्त होकर रांची पहुंची। पुलिस के मुताबिक, आरोपी वेदा व सद्दाम इलाके के करमाटांड़ गांव के रहने वाले हैं।
रांची के ग्रामीण इलाके से मानव तस्करी कर ले जाई गई नाबालिग के साथ दुष्कर्म (प्रतीकात्मक तस्वीर)
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने बताया कि, आरोपी जीप लेकर उनके घर पहुंचा। उसमें गांव की चार और नाबालिग लड़की सहित चार अन्य लोग बैठे थे। सभी को रेलवे स्टेशन ले गया। इसके बाद जनरल डिब्बे में वे दिल्ली गए। वहां से उन्हें शकुरपुर इलाके में स्थित एक घर में ले जाकर रखा गया। पीड़िता ने बताया कि, उस घर में उससे झाड़ू- पोछे का काम करवाया गया। इस बीच मौका पाकर सद्दाम ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है। वहीं इस बात का पता लगा रही है कि, इस तरह से तस्करी के जरिए आरोपी और कितने लोगों को ले गए हैं।
