Ranchi News: इस माह शहरवासियों को लालपुर-कोकर मार्ग पर लगने वाले जाम से निजात मिल जाएगी। लालपुर स्थित डिस्टिलरी पुल के पास लग रही सब्जी मंडी अब सब्जी मार्केट में शिफ्ट की जानी है। बता दें यहां 20 साल से सब्जी मंडी लग रही है। सब्जी के अलावा मांस और मछली की भी दुकानें संचालित की जाती हैं। जनवरी में सब्जी मार्केट में दुकानों का आवंटन किया जाएगा। लॉटरी के माध्यम से दुकानें आवंटित की जाएंगी।
रांची सब्जी मंडी को किया जाना है शिफ्ट
मार्केट की 250 दुकानों का आवंटन किया जाना है। नगर निगम के स्तर पर इसके लिए जोर-शोर से तैयारियां चल रहीं हैं। दरअसल, 15 नवंबर को डिस्टिलरी सब्जी मार्केट का उद्घाटन हुआ है। यह मार्केट 5.17 करोड़ रुपए से बनाई गई है। दूसरी ओर सब्जी मंडी में दुकानदार दिनोंदिन बढ़ते गए और सड़क सिमटती चली गई। इस कारण हर आधे घंटे में सड़क पर जाम लग जाता है।
इनको प्राथमिकता पर आवंटित होंगी दुकानें
विभागीय अधिकारी के मुताबि,क जिन फुटपाथ दुकानदारों द्वारा 2016 में यहां दुकानें संचालित की जाती थीं, उनको प्राथमिकता पर मार्केट में दुकान आवंटित की जाएगी। दुकान के लिए अब तक 630 लोगों ने आवेदन किया है। जबकि 2016 में फुटपाथ दुकानदारों का सर्वे हुआ था, तब 335 लोगों ने अपना नाम नगर निगम में दर्ज करवाया था। निगम ने दुकान आवंटित करने के लिए 2016 के सर्वे को कट ऑफ डेट बना लिया है। ऐसे में निगम के सामने चुनौती है कि शेष दुकानदारों को किस जगह शिफ्ट किया जाए।
आवंटन की चल रही प्रक्रिया
इस बारे में रांची नगर निगम के डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय का कहना है कि, लालपुर में सड़क जाम की समस्या बड़ी हो गई थी। लगातार शिकायतें आ रहीं थीं। ऐसे में डिस्टिलरी पुल के पास सब्जी मार्केट का निर्माण करवाया गया है। मार्केट में दुकानें बनकर तैयार हैं। अब इन दुकानों को इसी महीने लॉटरी के माध्यम से पात्र दुकानदारों को आवंटित किया जाना है। दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया चल रही है।
स्कूल की छुट्टी और शाम के समय लगता है अधिक जाम
फिलहाल कोकर मार्ग पर दो समय पर भीषण जाम लगता है। ऐसा जाम की लोगों को पैदल चलने तक की जगह नहीं मिलती। स्कूलों की छुट्टी होने पर और शाम 6 बजे के बाद भीषण जाम लगता है। इस जाम को हटने में घंटे भर से अधिक समय लग जाता है। जाम से निजात दिलाने के लिए यहां पुलिस जवानों की तैनाती की जा चुकी है पर उससे कोई लाभ नहीं हुआ।
