Deoghar Flight Emergency Landing in Lucknow: दिल्ली से देवघर आ रही इंडिगो की फ्लाइट की सोमवार को अचानक लखनऊ में लैंडिंग करानी पड़ी। इमरजेंसी लैंडिंग के बाद पूरी फ्लाइट एवं सवार यात्रियों के सामानों की जांच की गई। फ्लाइट में बम होने की सूचना मिली थी। इससे फ्लाइट में सवार यात्रियों और एयरलाइंस कंपनी के अधिकारियों में दहशत फैल गई। फ्लाइट में 180 यात्री सवार थे। इस सूचना के मिलते ही लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराकर दो घंटे तक जांच-पड़ताल की गई।
लखनऊ एयरपोर्ट पर फ्लाइट एवं यात्रियों के सामनों की चल रही जांच
दिल्ली से फ्लाइट सुबह 11:05 बजे टेकऑफ हुई थी। दोपहर 12:30 बजे फ्लाइट की लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। यहां रन-वे के किनारे पहले से सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। लखनऊ एयरपोर्ट पर छह एंबुलेंस, दो फायर ब्रिगेड की गाड़ियां, बम निरोधक दस्ता, पांच खोजी कुत्ता एवं काफी संख्या में सुरक्षा बल तैनात थे। सभी यात्रियों के हैंड लगेज लेकर नीचे उतारकर बारी-बारी से मेटल डिटेक्टर से जांच हुई।
