Jharkhand Weather Today: झारखंड में बीते तीन दिनों से भारी बारिश का सिलसिला जारी है। यहां बारिश कहर बनकर बरस रही है। नदियां उफान पर हैं, सड़कें जलमग्न हो गई है। प्रदेश के कई स्थानों पर बाढ़ का पानी घरों में घुस गया है। झारखंड की राजधानी रांची में भी यही स्थिति देखने को मिल रही है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग द्वारा आए दिन बारिश के विभिन्न अलर्ट जारी कि जा रहे हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
भारी बारिश का अलर्ट जारी
झारखंड में खूब बारिश हो रही है। नदियों का जलस्तर बढ़ता ही जा रहा है। उफान पर पहुंची नदियां को देखते हुए जलाशयों के फाटकों को खोल दिया गया है। झारखंड में मौसम की चाल को देखते हुए मौसम विभाग द्वारा कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है तो वहीं कई जिलों में ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया गया है। जिलों में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए निवासियों को नदी, तालाब, जलाशय, वॉटरफॉल, पहाड़, जंगल जैसी जगहों पर जाने से परहेज करने की सलाह दी गई है। दूसरी तरफ प्रकृति की बेपनाह खूबसूरती सैलानियों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। खास कर वाटरफॉल का नजारा देखने लायक बना हुआ है। मानसून में मूसलाधार बारिश की वजह से कांची नदी उफान पर है।
लेकिन लोगों को वॉटरफॉल के पास जाने के लिए मना किया जा रहा है। भले ही पंचघाघ, दशम फॉल, रानी फॉल, पेरवाघाघ समेत सभी प्रमुख वाटरफॉल की खूबसूरती बढ़ गई है, लेकिन इस समय यह खतरों का केंद्र बन गए हैं। भारी बारिश के कारण जलप्रपातों में पानी का बहाव इतना तेज है कि प्रशासन ने यहां जाने वाले पर्यटकों को अलर्ट किया है।
झारखंड के इन जिलों में अलर्ट जारी
गढ़वा, चतरा और पलामू में अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा लातेहार, लोहरदगा, रांची, पूर्वी सिंहभूम, और पश्चिमी सिंहभूम, खूंटी और सरायकेला-खरसावां में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बोकारो, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, गुमला, हजारीबाग, जामताड़ा, कोडरमा,, पाकुड़, रामगढ़, रांची, साहिबगंज और सिमडेगा में मध्यम से भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
