Ranchi News: राजधानी रांची के डेली मार्केट थाना क्षेत्र में सनमाइका कारोबारी सौरव साहू को गोली मारकर घायल करने वाले तीनों आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में चंदन दास, अमन कुमार और अब्दुल नबी सैयद शामिल हैं। सभी आरोपियों को रांची और बंगाल से पकड़ा गया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने घटना में उपयोग की गई बाइक समेत अन्य हथियार बरामद कर लिए हैं। एसएसपी कौशल किशोर ने बताया है कि, सभी आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने दो दिन के अंदर कार्रवाई को अंजाम दिया है। वारदात के पीछे आरोपियों की मंशा दहशत फैलानी थी।
रांची पुलिस एक्शन में, कारोबारी को गोली मारने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार (प्रतीकात्मक तस्वीर)
इस तरह दिया था वारदात को अंजाम
एसएसपी कौशल किशोर के मुताबिक, विष्णु गली स्थित मंगलम प्लाई प्रतिष्ठान में 21 अक्टूबर को दो अपराधी घुस गए थे। 20 मिनट तक प्रतिष्ठान के संचालक विष्णु चौधरी से दोनों ने बातचीत की। उस वक्त बकाया राशि लेने के लिए सनमाइका के व्यापारी सौरव साबू भी प्रतिष्ठान में मौजूद थे। दोनों अपराधियों ने पहले उनसे सनमाइका और प्लाईवुड के संबंध में जानकारी लेते रहे और बातचीत शुरू कर दी। इसके बाद एक अपराधी ने फायरिंग शुरू कर दी। अपराधियों और विष्णु के बीच हाथापाई होने लगी, जिसमें सौरव भी अपराधियों से भिड़ गया।
सौरव को हाथ में मारी गोली
बता दें कि, एक अपराधी ने लक्ष्य कर सौरभ पर गोली चलायी थी। गोली सौरभ के हाथ में लग गई। शोर होने के बाद दोनों अपराधी पैदल उस दिशा की ओर भाग निकले, जहां उनका एक साथी पहले से तय योजना के अनुसार, मोटरसाइिकल का इंजन स्टार्ट कर उनका इंतजार कर रहा था। बाद में तीनों बाइक पर सवार होकर बड़ा तालाब की ओर भाग निकलने में सफल रहे। इधर प्रतिष्ठान में गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई।
