Dumka Bus Caught Fire: झारखंड के दुमका में शनिवार सुबह एक बस में आग लगने की घटना सामने आई है। यह आग हाई वोल्टेज वाले तार की चपेट में आने से बस में लगी। इस घटना में दो लोग घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह बस विवाह समारोह के लिए बुक थी और कार्यक्रम स्थल जा रही थी। तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
बस में लगी आग (सांकेतिक फोटो)
बस में ड्राइवर समेत दो लोग थे मौजूद
पुलिस ने बताया कि यह घटना दिग्घी पुलिस थाना क्षेत्र के श्रीअमदा गांव में हुई। बस के 11,000 वोल्ट के तार की चपेट में आने से उसमें आग लग गई। दिग्घी पुलिस थाना प्रभारी अनुज कुमार ने बताया, ‘‘चालक और सह चालक अपनी जान बचाने के लिए बस से कूद गए और जिससे उन्हें चोटें आईं। दोनों को फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।’’ उन्होंने बताया कि घटना के वक्त बस में इन दोनों के अलावा कोई और नहीं था।
ये भी पढ़ें - Bareilly Metro: पहाड़ों के प्रवेश द्वार में दौड़ेगी मेट्रो, अब झुमका नगरी वाले करेंगे AC में सफर
आठ फुट की ऊंचाई पर था तार
एक ग्रामीण ने बताया कि तार महज आठ फुट की ऊंचाई पर था। उन्होंने कहा,‘‘हमने बिजली विभाग से तार को और ऊंचाई पर लगाने का कई बार अनुरोध किया था। अगर बस में यात्री होते तो बड़ा हादसा हो सकता था।’’
