Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में भारी बारिश के बीच सोमवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। सारंगपुर इलाके में उफनते नाले को पार करने की कोशिश कर रहा यात्रियों से भरी एक गाड़ी तेज पानी के बहाव में बह गई। हादसे में एक बच्ची समेत नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि दो यात्रियों को स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना सुबह करीब नौ बजे सारंगपुर कस्बे के पास पदाना बायपास की पुलिया पर हुई। बताया गया कि वाहन में कुल 11 लोग सवार थे।
उफनते नाले को पार करना पड़ा भारी
ड्राइवर को दी थी लोगों ने चेतावनी
क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण नाले में पानी का बहाव काफी तेज था। इसके बावजूद ड्राइवर ने गाड़ी को नाले से पार कराने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि जैसे ही गाड़ी पानी के बीच पहुंची, तेज धारा ने उसे अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते गाड़ी बह गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर मौजूद ग्रामीणों और स्थानीय प्रशासन के कर्मचारियों ने ड्राइवर को पानी का बहाव तेज होने के कारण आगे नहीं बढ़ने की चेतावनी दी थी। हालांकि, चेतावनी के बावजूद गाड़ी को आगे ले जाया गया। इसके बाद कुछ ही समय में गाड़ी पानी में फंस गई और तेज धारा के साथ बह गई।
ग्रामीणों ने तुरंत शुरू किया बचाव अभियान
हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। लोगों ने अपनी सुरक्षा की परवाह किए बिना रस्सियों की मदद से गाड़ी में फंसे यात्रियों को निकालने की कोशिश की। इस दौरान दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, अन्य यात्रियों को बचाया नहीं जा सका। सारंगपुर के एसडीओपी अरविंद सिंह ने बताया कि भारी बारिश के कारण इलाके की नदियों और नालों में पानी का स्तर बढ़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि तेज बहाव के बावजूद गाड़ी को नाले में उतारना हादसे की प्रमुख वजह बना। पुलिस ने घटना के संबंध में सारंगपुर थाने में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
