Rajasthan Ka Mausam (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 16 December-2025: राजस्थान में कड़ाके की ठंड और घना कोहरा पड़ रहा है। सर्द हवाओं के कारण तापमान में भी गिरावट देखने को मिल रही है। सोमवार को न्यूनतम पारा 3 डिग्री तक कम हुआ है। इस दौरान प्रदेश का सबसे सर्द शहर सीकर का फतेहपुर रहा। जहां न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव खत्म होने से अब बादल भी हट गए हैं। साथ ही घना कोहरा भी पड़ने लगा है। आज सुबह भी कई शहरों में घना कोहरा छाया रहा। जिसके कारण बीकानेर में 50 मीटर से भी कम विजिबिलिटी रही। सोमवार को भी 6 से अधिक शहर घने कोहरे की चपेट में रहे।
सांकेतिक फोटो (istock)
राजस्थान में आज का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में आज मौसम साफ रहने की संभावना है। राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में आज कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। जिसमें गंगानगर, बीकानेर और हनुमानगढ़ के आसपास इसका प्रभाव अधिक रहेगा। आगामी एक सप्ताह तक मौसम शुष्क ही रहने का पूर्वानुमान है। तापमान की बात करें तो अगले 1 से 2 दिनों में न्यूनतम तापमान सामान्य रह सकता है। राज्य के पूर्वी और पश्चिमी भागों में कहीं-कहीं हल्का या मध्यम कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया गया है।
राजस्थान में कौन से शहर रहे सबसे ठंडे
आईएमडी के अनुसार सोमवार को राजस्थान में फतेहपुर के बाद नागौर में सबसे कम न्यूनतम तापमान रहा। यहां का न्यूनतम पारा 5.9 डिग्री रहा। जिसके बाद लूणकरणसर में 6 डिग्री, दौसा 6.5 डिग्री, बारां में 7.8 डिग्री, सिरोही में 8.1 डिग्री और चूरू में 8.6 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। इस दौरान राज्य में सबसे अधिकतम तापमान बाड़मेर में 31 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा जोधपुर में 29.8 डिग्री, नागौर में 28.8 डिग्री, जालौर में 29.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
