राजस्थान में आज का मौसम (28 Feb 2026): राजस्थान में सर्दी की विदाई हो गई है और गर्मी का मौसम शुरू हो गया है। राज्य में फरवरी की हल्की ठंड अब तेज धूप की तपिश में बदल गई है। जिससे लोगों को अप्रैल जैसी गर्मी महसूस होने लगी है। दिन का तापमान अभी से ही 35 डिग्री के पार पहुंच चुका है। बाड़मेर से लेकर बीकानेर, चूरू समेत कई जिलों में धूप असहनीय होने लगी है। रातों की ठंडक भी अब धीरे-धीरे गायब हो रही है। शुक्रवार को राजस्थान के 14 शहरों में दिन का तापमान 33 डिग्री या उससे ऊपर दर्ज किया गया। इस दौरान सबसे गर्म जिला बाड़मेर रहा, जहां का अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजस्थान का मौसम
राजस्थान में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में अगले एक सप्ताह तक मौसम साफ रहने की संभावना है। इस दौरान कहीं भी बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। दिन में मौसम साफ रहने के कारण तेज धूप निकली रहेगी। जिससे तेज गर्मी महसूस हो सकती है और तापमान में भी इजाफा दर्ज किया जा सकता है। राज्य में आगामी 2 से 3 दिन में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है। लेकिन 3 मार्च से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हो सकती है।
रात में भी गायब होने लगी ठंड
राजस्थान में बीकानेर, चूरू, बाड़मेर समेत कई जिलों में दिन में सामान्य से अधिक गर्मी पड़ रही है। जयपुर, सीकर, पिलानी समेत कई शहरों में पारा 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया है। पिछले 24 घंटे में राज्य के सभी शहरों में धूप निकली रही। हालांकि कुछ शहरों में दोपहर बाद मौसम में बदलाव भी देखने को मिला। सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, चूरू समेत कई शहरों में दिन में आसमान में बादल छाए नजर आए। हालांकि आगामी दिनों में मौसम साफ ही बना रहेगा। राजस्थान के पश्चिमी जिलों में भी अब रात की ठंडक कम होने लगी है और दिन में तेज धूप के कारण गर्मी पड़ने लगी है। शुक्रवार को फलोदी में न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिसके बाद बाड़मेर में न्यूनतम पारा 20.5 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 19.4 डिग्री, बीकानेर में 18.5 और जोधपुर में 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
