शहर

Noida Encounter: गोकशी गिरोह का भंडाफोड़, पुलिस ने एनकाउंटर के बाद 5 आरोपी दबोचे

नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद पुलिस ने गोकशी के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से हथियार, कारतूस और गोकशी में इस्तेमाल उपकरण बरामद किए हैं। आरोपियों पर एनसीआर में गोवध के कई मुकदमे दर्ज हैं।

Image

नोएडा में मुठभेड़ के बाद गोकशी के पांच आरोपी गिरफ्तार

Noida Police Encounter: नोएडा पुलिस ने गोकशी के आरोपी पांच बदमाशों को शनिवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से गोकशी में इस्तेमाल हथियार, उपकरण एवं अन्य सामान बरामद किया है। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और आगे की कार्रवाई में जुटी है।

रोनीजा कट पर चेकिंग के दौरान मुठभेड़

अपर पुलिस उपायुक्त जोन तृतीय सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि रबूपुरा थाने की पुलिस आज तड़के रोनीजा कट पर जांच कर रही थी तभी एक संदिग्ध ऑटो रिक्शा आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने ऑटो रिक्शा रुकने का इशारा किया तो बदमाश रुकने के बजाय वहां से भागने लगे। सिंह ने बताया कि पुलिस ने पीछा करके ऑटो रिक्शा को घेर लिया। अपने आपको पुलिस से घिरा हुआ देख बदमाशों ने पुलिस पर गोली चलानी शुरू कर दी। उन्होंने बताया की जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें दिल्ली के ओखला का निवासी सैयद अमीन (35), हरियाणा के मेवात का निवासी गोरामिया (32) पैर में गोली लगने से घायल हो गया।

देसी तमंचे और गोवध उपकरण बरामद

अपर पुलिस उपायुक्त ने बताया कि इन दोनों के पास से पुलिस ने दो देसी तमंचे, कारतूस बरामद किए हैं। घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि दोनों बदमाशों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने अन्य बदमाशों की तलाश में धर पकड़ शुरू की और उनके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से गोकशी में इस्तेमाल होने वाला ऑटो रिक्शा, गोवध के लिए रखे हुए उपकरण, चाकू, सीरींज, इंजेक्शन, आरी, लोहे का नुकीला सरिया, दो मोहरे, रस्सी का टुकड़ा, चार खाली प्लास्टिक के कट्टे बरामद किए हैं।

आरोपियों के खिलाफ एनसीआर में कई मामले दर्ज

गिरफ्तार अन्य तीन बदमाशों की पहचान हरियाणा के नूह निवासी मुन्सर (24) और मोहम्मद बिलाल (23) तथा दिल्ली के कालिंदी कुंज निवासी पुष्पेंद्र कुमार (24) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि इन बदमाशों के खिलाफ राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के कई थानों में गोवध के मामले दर्ज हैं। अधिकारी ने बताया कि 26 फरवरी को थाना रबूपुरा क्षेत्र में गोवंश मिला था। इस मामले में यही बदमाश शामिल थे, जो वांछित थे।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article