राजस्थान में आज का मौसम (18 Feb 2026): राजस्थान में गर्मी की समय से पहले दस्तक के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश और ओलावृष्टि का दौर शुरू हो गया है। जहां मंगलवार तक पारा 34 डिग्री के पार जा रहा था, वहीं बुधवार सुबह हुई बरसात ने फिजाओं में फिर से ठंडक घोल दी है। मौसम विभाग (IMD) ने 15 जिलों में चमक-गरज के साथ ओले गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, वहीं 18 जिलों में बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान के 33 जिलों में आंधी-बारिश और ओले गिरने की जारी हुई चेतावनी
जयपुर में तड़के शुरू हुई बारिश
राजधानी जयपुर में पिछले कुछ दिनों से तेज धूप के कारण तापमान बढ़ रहा था, लेकिन मंगलवार रात से ही मौसम का मिजाज बदल गया। बुधवार सुबह करीब 4 बजे से ही जयपुर और आसपास के इलाकों में बिजली की गरज के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। शहर के दादी का फाटक और खिरणी फाटक जैसे क्षेत्रों में ओले भी गिरे, जिससे सुबह की सैर पर निकले लोगों को फिर से सर्दी का अहसास हुआ। बारिश और ठंडी हवाओं के चलते दिन का पारा अब 25 डिग्री से नीचे रहने का अनुमान है।
33 जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, आज इस वेदर सिस्टम का सबसे ज्यादा असर राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में रहेगा। विभाग ने 15 जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है, जबकि अन्य 18 जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। बीकानेर, जयपुर, अजमेर, भरतपुर और कोटा संभाग सहित शेखावाटी क्षेत्र में आज 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
नागौर और गंगानगर में बदला मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान नागौर में जोरदार बारिश के साथ ओले गिरे। वहीं श्रीगंगानगर में तो अधिकतम तापमान में 5.7 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे वहां पारा 24.4 डिग्री पर आ गया। सीकर, पाली और डीडवाना-कुचामन में भी जमकर मेघ बरसे हैं। इससे पहले मंगलवार को बाड़मेर 34.3 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा था, लेकिन अब इस मावठ के असर से तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की कमी आने की संभावना है।
20 फरवरी से फिर चमकेगी धूप
मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा के मुताबिक, यह मौसमी उथल-पुथल अगले 48 घंटों तक बनी रहेगी। 19 फरवरी को भी तापमान में थोड़ी गिरावट महसूस होगी, लेकिन 20 फरवरी से बादल छंटने लगेंगे और आसमान साफ हो जाएगा। इसके बाद एक बार फिर तापमान में बढ़ोतरी का दौर शुरू होगा और गर्मी अपने तेवर दिखाएगी। फिलहाल, बेमौसम की इस बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि रबी की फसलें कटाई के करीब हैं।
