राजस्थान में आज का मौसम (01 Feb 2026): राजस्थान में एक बार फिर कड़ाके की ठंड के बीच बारिश का दौर शुरू हो गया है। शनिवार को कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। वहीं अजमेर समेत कुछ स्थानों पर बरसात के साथ ओले भी देखने को मिले। मौसम विभाग के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की वजह से शनिवार को मौसम में बदलाव हुआ। 2 फरवरी को एक और नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने की संभावना है। जिसके प्रभाव से राजस्थान में अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
राजस्थान में आज का मौसम
राजस्थान के किन जिलों आज बारिश होगी?
IMD के अनुसार, राजस्थान में आज 13 जिलों में आंधी-बारिश और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान सवाई माधोपुर, धौलपुर, करौली, भरतपुर और अलवर में ऑरेंज अलर्ट है। वहीं जयपुर, सीकर, टोंक, बूंदी, झुंझुनूं, बारां, कोटा और झालावाड़ में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 2 और 3 फरवरी को भी राज्य में बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान जयपुर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग में बारिश के आसार हैं। वहीं पश्चिमी राजस्थान में मौसम शुष्क बना रह सकता है।
राजस्थान में कब तक होगी बारिश
मौसम विभाग राजस्थान में 2 फरवरी को 19 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। जिनमें जयपुर, सीकर, झुंझुनूं, अलवर, दौसा, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधौपुर, अजमेर, टोंक, बूंदी, भीलवाड़ा, बारां, झालावाड़, चित्तौड़गढ़, बांसवाड़ा और प्रतापगढ़ शामिल हैं। इन जिलों में ओले गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है। वहीं 3 और 4 फरवरी को कई जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान में बढ़ा रात का पारा
राजस्थान में पिछले 24 घंटे में भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, अजमेर, कोटा, बारां समेत कई जिलों में आसमान में बादल छाए रहे। इस दौरान जयपुर और अजमेर में बारिश भी दर्ज की गई। जयपुर के ग्रामीण इलाकों में देर रात को भी कुछ हिस्सों में बरसात हुई। पश्चिमी विक्षोभ के असर से राज्य में शनिवार को बादल छाए रहे। जिसके कारण न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी भी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार सीकर, भीलवाड़ा, अजमेर, जयपुर, उदयपुर, चित्तौड़गढ़, कोटा समेत कई जिलों में तापमान बढ़कर 10 डिग्री से ऊपर पहुंच गया। साथ ही सर्द हवाओं का प्रभाव कम होने से गलन भरी सर्दी से भी कई हिस्सों में हल्की राहत मिली।
