राजस्थान में आज का मौसम (Rajasthan Weather Today 18 May 2026): राजस्थान में प्रचंड गर्मी ने अब तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मई के तीसरे हफ्ते में दिन के साथ ही रात को भी तपिश महसूस होने लगी है। मौसम विभाग (IMD) ने आज यानी सोमवार 18 और मंगलवार 19 मई के लिए राज्य के 19 जिलों में लू (Heatwave) का येलो अलर्ट जारी किया है। यानी इन 19 जिलों में दो दिन लोगों को भीषण गर्मी काफी परेशान करेगी। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी राजस्थान के साथ ही अब उत्तरी और पूर्वी इलाकों में भी गर्मी का असर तेजी से बढ़ने लगेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
राजस्थान के 19 जिलों में लू का अलर्ट (AI Image)
कल यानी रविवार 17 मई को राज्य के कई शहरों में तापमान 45 डिग्री के आसपास बना रहा। सबसे ज्यादा गर्मी बाड़मेर में दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। बीकानेर में 45 डिग्री, जैसलमेर में 44.9, फलोदी में 44.8 और चित्तौड़गढ़ में 44.6 डिग्री रहा तापमान। इसके अलावा कोटा और वनस्थली (टोंक) में 44.2, श्रीगंगानगर में 44.1, जोधपुर में 43.8 और चूरू में 43.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।
इन शहरों में वॉर्म नाइट की स्थिति
ज्यादातर शहरों में दिन के समय तो प्रचंड गर्मी परेशान कर ही रही है, अब रातें भी लोगों को राहत नहीं दे रही हैं। हनुमानगढ़ में रविवार को न्यूनतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे गर्म रात रही। चित्तौड़गढ़ में 32.6, फलोदी में 32.2, बाड़मेर में 32 और जोधपुर में 31.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ। मौसम विशेषज्ञ इन सभी शहरों में रात के तापमान को देखते हुए इस स्थिति को ‘वार्म नाइट’ की स्थिति मान रहे हैं।
राजधानी जयपुर में और चढ़ेगा पारा
राजधानी जयपुर में लगातार तीसरे दिन तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली। यहां अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो शनिवार की तुलना में 1.3 डिग्री ज्यादा रहा। मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिन में जयपुर के तापमान में 1 से 2 डिग्री और बढ़ोतरी होने की संभावना जताई है।
गर्मी के कारण उदयपुर के पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों का टोटा
कोटा में भी पारा 44.2 डिग्री तक पहुंच गया। दोपहर के समय शहर की सड़कें लगभग वीरान सी नजर आ रही हैं। वहीं अजमेर, अलवर, उदयपुर, जोधपुर और सीकर में भी तेज धूप व गर्म हवाओं ने जनजीवन प्रभावित किया। उदयपुर के प्रमुख पर्यटन स्थलों और झीलों के बोटिंग प्वाइंट तक सूने दिखाई दिए।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि अगर कोई जरूरी कार्य न हो तो सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक घर से बाहर न निकलें। इसके साथ ही लोगों को सलाह दी जाती है कि अगर बाहर निकल रहे हैं तो टोपी, पगड़ी पहनकर निकलें या छाता लेकर बाहर जाएं। साथ में पानी की बोतल भी रखें। पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और अन्य पेय पदार्थों का भी सेवन करते रहें। बच्चों-बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की भी सलाह दी गई है।
