राजस्थान में आज का मौसम (Rajasthan Weather Today 10 जून 2026): राजस्थान में इन दिनों भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने कई जिलों में आंधी और बारिश (Rain) का भी अलर्ट जारी किया है। आज यानी बुधवार 10 जून को राज्य के 4 जिलों में बारिश और 6 जिलों में हीटवेव का यलो अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक कल यानी गुरुवार 11 जून से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होगा, जिसके प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है।
राजस्थान में कल से एक और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस होगा एक्टिव
देश में सबसे गर्म श्रीगंगानगर
कल यानी मंगलवार 9 जून को श्रीगंगानगर लगातार दूसरे दिन देश का सबसे गर्म इलाका रहा। यहां मंगलवार को अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा चूरू में 44.6, पिलानी में 44.5, फलोदी में 43.8 और बीकानेर व जैसलमेर में 43.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। इन क्षेत्रों में हीटवेव का असर सबसे अधिक देखने को मिला।
इन इलाकों में चली धूलभरी आंधी
दूसरी तरफ हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर से सटे राजस्थान के जिलों में मंगलवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली। हनुमानगढ़, अलवर, झुंझुनूं और भरतपुर के कई इलाकों में धूलभरी आंधी चली और हल्की से मध्यम स्तर की बारिश रिकॉर्ड हुई। अलवर और हनुमानगढ़ में शाम के समय तेज अंधड़ के साथ बारिश होने से तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
खराब मौसम के चलते रनवे से वापस लौटा विमान
खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी दिखाई दे रहा है। दिल्ली में मौसम बिगड़ने के कारण स्पाइसजेट की एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान और इंडिगो की अगरतला-दिल्ली फ्लाइट को जयपुर डायवर्ट करना पड़ा। वहीं, अलायंस एयर की जयपुर-दिल्ली उड़ान को रनवे से ही वापस लौटना पड़ा।
अगले 4 दिन मौसम बेईमान
मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार 11 से रविवार 14 जून के बीच बीकानेर, जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग के कई हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। साथ ही गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है। हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है।
जयपुर में पारा फिर 40 पार
राजधानी जयपुर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उदयपुर में तापमान 40 डिग्री, कोटा में 42.1 डिग्री, अजमेर में 39.7 डिग्री और सीकर में 41 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आगामी दिनों में गर्मी के तेवर कुछ नरम पड़ सकते हैं। हालांकि, तेज आंधी और बारिश के कारण लोगों को सतर्क रहने की जरूरत होगी।
