छत्तीसगढ़ सरकार ने युद्ध और सैनिक कार्यवाही में शहीद हुए सैनिकों के आश्रितों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि को 20 लाख रुपए से बढ़ाकर 50 लाख रुपए कर दिया है। इसके अलावा, परमवीर चक्र प्राप्त वीर जवानों को अब 40 लाख की जगह 1 करोड़ रुपए की राशि प्रदान की जाएगी। यह निर्णय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित छठवीं राज्य सैनिक बोर्ड समिति की बैठक में लिया गया।
छत्तीसगढ़ सीएम विष्णु देव साय (फोटो- vishnudeosai1)
क्या बोले सीएम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर कहा, "हमारे सैनिक देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर करते हैं। उनके शौर्य और बलिदान को नमन करते हुए हम उनके परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं।" उन्होंने आगे कहा कि सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण को प्राथमिकता देना सरकार की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। बैठक में भूतपूर्व सैनिकों, शहीदों की वीर नारियों, विधवाओं और आश्रितों के लिए कई कल्याणकारी योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि 140 करोड़ देशवासियों की सुरक्षा में तैनात जवानों का कल्याण हमारा परम कर्तव्य है। बैठक में लिए गए निर्णयों से न केवल शहीद सैनिकों के परिवारों को, बल्कि भूतपूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को भी प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
दिव्यांग हुए सैनिकों की सहायता राशि भी बढ़ी
उन्होंने यह भी बताया कि युद्ध में दिव्यांग हुए सैनिकों की सहायता राशि को 10 लाख से बढ़ाकर 30 लाख रुपए कर दिया गया है। सैनिकों के माता-पिता को मिलने वाली जंगी इनाम राशि भी 5 हजार से बढ़ाकर 20 हजार रुपए कर दी गई है। इसके अलावा, सेवारत सैनिकों, भूतपूर्व सैनिकों और विधवाओं को प्रथम भूमि या गृह क्रय करने पर 25 लाख रुपए तक के स्टाम्प शुल्क में छूट देने का निर्णय भी लिया गया है, जो उनके लिए एक बड़ा राहत कदम साबित होगा।
Read the Raipur Latest News in Hindi, Raipur Local News in Hindi, Raipur Breaking News and Updates, Raipur News Headlines, Raipur Hindi News Paper & रायपुर (न्यूज़) समाचार @ Times Now Navbharat
