प्रीमियम ट्रेन वंदे भारत में यात्रियों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए भारतीय रेलवे ने सख्त कार्रवाई का संदेश दिया है। रेलवे खाने की गुणवत्ता खराब होने पर IRCTC और सर्विस प्रोवाइडर पर बड़ा एक्शन लेते हुए 60 लाख का जुर्माना लगाते हुए कॉन्ट्रैक्ट खत्म कर दिया है। दरअसल, 15 मार्च 2026 को ट्रेन संख्या 21896 (पटना–टाटानगर) वंदे भारत एक्सप्रेस में भोजन की गुणवत्ता को लेकर आई शिकायत के बाद जांच की गई, जिसमें अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद रेलवे ने जांच शुरू की। रिपोर्ट में पाया गया कि यात्रियों की ओर से मिली शिकायत ठीक है और खाने की क्वालिटी के साथ खिलवाड़ किया गया है। इसके बाद रेलवे ने बड़ी कार्रवाई की है।
वंदे भारत ट्रेन में खराब खाना परोसने पर एक्शन (फोटो-Istock)
50 लाख रुपए का भारी दंड
जांच के बाद IRCTC पर 10 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है, जबकि संबंधित सर्विस प्रोवाइडर पर 50 लाख रुपए का भारी दंड ठोका गया। इतना ही नहीं, सेवा प्रदाता का कॉन्ट्रैक्ट भी समाप्त करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। रेलवे ने साफ कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा और भोजन की गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
क्यों अहम है यह कार्रवाई :
- यात्रियों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई का मजबूत संदेश
- ट्रेनों में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता पर सख्ती
- ठेकेदारों और सर्विस प्रोवाइडर्स को स्पष्ट चेतावनी
- वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेनों में मानकों से समझौता नहीं
रेलवे और IRCTC लगातार यात्रियों को बेहतर खानपान देने का दावा करते रहे हैं, लेकिन समय-समय पर सामने आने वाली शिकायतें सिस्टम की चुनौतियों को उजागर करती हैं। इस कार्रवाई से यह संकेत गया है कि अब शिकायतों को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा और जवाबदेही तय होगी। यात्रियों के लिए भी यह राहत की खबर है कि अब खराब भोजन या सेवा पर सख्त कार्रवाई तय है। रेलवे की इस कार्रवाई से अन्य वेंडर्स सचेत हो गए हैं।
