पंजाब के कुराली से एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां साढ़े चार साल की मासूम का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया। आरोपी बच्ची के दादा-दादी के सामने ही उसे कार में उठाकर ले गए। बुजुर्ग दंपति मदद की गुहार लगाते रहे, लेकिन आरोपी बच्ची के साथ मौके से फरार हो गए। इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। परिवार ने पुलिस से जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
दादा-दादी को कार से कुचलने की कोशिश
इस खौफनाक घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार, बच्ची अपने दादा-दादी के साथ घर के बाहर मौजूद थी। इसी दौरान कार सवार आरोपी वहां पहुंचे और बच्ची को जबरन उठाकर अपने साथ ले जाने लगे। बच्ची को बचाने के लिए उसके दादा-दादी ने कार रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उन्हें कार से कुचलने का प्रयास किया। हालांकि दोनों बाल-बाल बच गए।
बच्ची के पिता ने पत्नी पर लगाए संगीन आरोप
घटना के बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को मामले की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के इलाके की घेराबंदी कर तुरंत जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। वहीं बच्ची के पिता ने इस पूरे मामले में अपनी पत्नी पर शक जताया है। उनके अनुसार पत्नी के साथ उनका लंबे समय से विवाद चल रहा है और बच्ची को लेकर कोर्ट में कस्टडी का केस भी चल रहा है। ऐसे में पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी ने ही कुछ लोगों की मदद से बच्ची का अपहरण करवाया हो सकता है।
फिलहाल पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि बच्ची को सुरक्षित बरामद करने के लिए टीमें गठित की गई हैं और आरोपियों तक जल्द ही पहुंचने की कोशिश की जा रही है। दिनदहाड़े हुए इस किडनैपिंग केस में इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। इस वारदात से स्थानीय लोगों में डर और गुस्सा दोनों है। लोग पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
