Pune News: पुणे के कोंढवा इलाके की एक पॉश सोसायटी में एक महिला के साथ दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बुधवार शाम करीब 7:30 बजे आरोपी कुरियर बॉय बनकर सोसायटी में दाखिल हुआ। उसने महिला के ऊपर स्प्रे कर उसे बेहोश कर दिया। जिसके बाद उसके साथ दरिदंगी की। घटना के बाद आरोपी ने पीड़ित महिला के मोबाइल फोन से एक सेल्फी ली और फोन में मैसेज टाइप किया कि "वह फिर लौटेगा।"
सांकेतिक फोटो
पेन मांगने के बहाने घर में घुसा आरोपी
पुलिस उपायुक्त (जोन 5) राजकुमार शिंदे ने बताया कि पीड़िता एक निजी कंपनी में काम करती है। उसका भाई किसी काम से बाहर गया था और घटना के समय वह फ्लैट में अकेली थी। उन्होंने बताया कि आरोपी व्यक्ति कुरियर डिलीवरी एजेंट बनकर उसके (युवती के) घर आया और अंदर घुस गया। उसने डॉक्यूमेंट पर साइन करने के लिए एक पेन मांगी और जैसे ही महिला पेन लाने के लिए पीछे मुड़ी, तो आरोपी घर में घुस गया और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। शिंदे ने कहा, ‘‘महिला को (इसके अलावा) कुछ भी याद नहीं है, क्योंकि उसे रात करीब साढ़े आठ बजे होश आया। इसके बाद महिला ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी और घटना के बारे में पुलिस को सूचित किया गया।’’
फोटो वायरल करने की दी धमकी
अधिकारी ने बताया कि व्यक्ति ने उसके फोन पर संदेश छोड़ा था कि उसने उसकी तस्वीरें ले ली हैं और यदि उसने घटना के बारे में किसी को बताया तो वह तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। उन्होंने बताया कि पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने पीड़िता को बेहोश करने के लिए किसी रासायनिक पदार्थ या स्प्रे का इस्तेमाल किया हो। इसकी पुष्टि के लिए जांच की जा रही है। अधिकारी ने बताया कि आरोपी का चेहरा इलाके में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है और उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 64 (दुष्कर्म के लिए सजा), 77 (दर्शनरति) और 351(2) (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
(इनपुट - भाषा)
