Pune News: पुणे में शराब पीकर बस चलाने का मामला सामने आया है। पुणे के वेताल बाबा चौक के पास आज एक पीएमटी बस अचानक आगे पीछे होने लगी। बस का ड्राइवर शराब पीकर बस को कभी आगे कभी पीछे घुमा रहा था। इस दौरान बस में बहुत से लोग सवार थे, जो ड्राइवर की इस हरकत से बहुत डरे हुए थे। इस दौरान ड्राइवर ने बस को रिवर्स लेते समय रोड पर मौजूद अन्य गाड़ियों पर टक्कर भी मार दी। हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं आई है। इस घटना को लेकर एक वीडियो भी सामने आया है।
नशे में ड्राइवर ने चलाई बस
ड्राइवर की लापरवाही
ड्राइवर की लापरवाही के कारण इस घटना में बहुत से लोगों की जान जोखिम में आ सकती थी। इस वीडियो में साफतौर पर नजर आ रहा है कि बस में बहुत सारे लोग सवार है और ड्राइवर बस को बहुत लापरवाही से चला रहा है जिससे अंदर बैठे यात्री डर के कारण जोर-जोर से चिल्ला रहे हैं। लेकिन ड्राइवर नशे की हालत में बस को आगे पीछे घुमा रहा है। जिससे रोड पर मौजूद लोगों को भी जख्मी होने का खतरा बना हुआ था। राहत की बात ये है कि इस घटना में किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है।
पुलिस ने लिया एक्शन
ड्राइवर की इस हरकत पर पुलिस ने उस पर एक्शन लिया है। पुलिस ने बताया कि इस बस को निलेश सावंत नाम का ड्राइवर चला रहा था, जिसके खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। बस ड्राइवर निलेश सावंत के खिलाफ पुणे के चतुर्शिंगी पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है।
