Pune Accident: पुणे के कात्रज-देहू रोड बाईपास पर स्थित जांभुलवाड़ी ब्रिज शनिवार और रविवार की दरमियानी रात भीषण चीख-पुकार का गवाह बना। आधी रात के सन्नाटे को गाड़ियों के टकराने की तेज आवाजों ने तोड़ दिया, जब एक के बाद एक करीब सात से आठ गाड़ियां आपस में भिड़ गईं। यह हादसा जांभुलवाड़ी से पुणे शहर की ओर जाने वाली लेन पर हुआ।
हादसे में कई गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त
कैसे हुआ हादसा?
शुरुआती जानकारी के अनुसार, रफ्तार पर नियंत्रण खोने की वजह से एक गाड़ी बेकाबू होकर सीधे ब्रिज के डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कंक्रीट का मजबूत डिवाइडर भी टूट गया। इसके बाद पीछे से आ रही गाड़ियां एक-दूसरे में घुसती चली गईं। देखते ही देखते ब्रिज के एक बड़े हिस्से पर क्षतिग्रस्त गाड़ियों का ढेर लग गया।
मौत के मुंह से सुरक्षित निकले लोग
हादसे की भयावहता को देखते हुए आशंका जताई जा रही थी कि इसमें भारी जान-माल का नुकसान हुआ होगा, लेकिन इसे 'कुदरत का करिश्मा' ही कहेंगे कि इतनी बड़ी चेन-रिएक्शन भिड़ंत में कोई हताहत नहीं हुआ। हालांकि, कुछ लोगों को चोटें आई हैं। गाड़ियों को काफी नुकसान पहुंचा है।
ट्रैफिक बहाल करने में जुटी पुलिस
दुर्घटना के तुरंत बाद सड़क पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। रात के समय बीच रास्ते में खड़ी क्षतिग्रस्त गाड़ियों की वजह से रास्ता पूरी तरह ब्लॉक हो गया था। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और क्रेन की टीम मौके पर पहुंची। घंटों की मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियों को साइड किया गया, जिसके बाद देर रात ट्रैफिक दोबारा सुचारू रूप से शुरू हो सका।
पहले भी हुआ था हादसा
बता दें कि पुणे में इस तरह का एक और हादसा करीब चार महीने पहले हुआ था। नवंबर महीने में यहां बेंगलुरू-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 4 के एक पुल के ऊपर चल रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर 6 गाड़ियों से टकरा गया। इसके बाद 10 से अधिक गाड़ियां आपस में टकराती चली गईं। आग लगने की वजह से आसपास मौजूद करीब 8 लोग जिंदा जल गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक यह हादसा मालवाहक ट्रक के ब्रेक फेल होने की वजह से हुआ। ब्रेक फेल होने के बाद वह एक के बाद एक गाड़ियों से टकराता गया और फिर आग लग गई।
