बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश में बच्चियों के खिलाफ अपराध बढ़ता जा रहा है। अब बेटियां बाहर तो छोड़िए स्कूल में भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। कुछ इसी प्रकार बुलंदशहर से शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां अरनिया थाना क्षेत्र स्थित एक प्राथमिक स्कूल के प्रधानाचार्य को छात्राओं के साथ आपत्तिजनक (अश्लील ) हरकत करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी प्रधानाचार्य शिकायत करने पर छात्राओं को फेल करने की धमकी देकर बात को दबाना चाहता था।
बुलंदशहर में छात्राओं से छेड़छाड़
इसे भी पढ़ें- उमेश पाल के घर फेंका गया ज्वलनशील पदार्थ, बमबाजी की अफवाह से मचा हड़कंप, हिरासत में चार लोग
पुलिस ने बताया कि अरनिया थाना क्षेत्र के एक गांव के निवासी ने सोमवार को शिकायत दर्ज कराई जिसमें आरोप लगाया कि गांव के प्राथमिक स्कूल के प्रधानाचार्य प्रताप सिंह छात्राओं से आपत्तिजनक हरकत करते हैं, जिससे नौ से 12 साल की छात्राओं ने स्कूल जाना बंद कर दिया है। शिकायत के अनुसार छात्राओं ने परिजनों को बताया कि प्रधानाचार्य उन्हें गलत नीयत से छूते हैं। छात्राओं की बात सुन परिजनों के होश उड़ गए। लिहाजा, सभी ने आरोपी प्रधानाचार्य के खिलाफ पुलिस को शिकायती पत्र दिया।
स्कूल से नाम काटने की धमकी भी दी
शिकायती पत्र में कहा गया कि प्रधानाचार्य ने यह बात किसी को भी बताने पर परीक्षा में फेल करने और स्कूल से नाम काटने की धमकी भी दी। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) रोहित मिश्र ने बताया कि सिंह के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। ये क्रम कब से चल रहा था पुलिस इसकी गहनता से जांच कर रही है।
