Prayagraj News: वरिष्ठ कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) शनिवार 8 अगस्त को प्रयागराज दौरे पर रहेंगे। यहां उनके केपी कॉलेज मैदान में होने वाले ‘गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। कांग्रेस संगठन कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटा हुआ है। पार्टी के मुताबिक, यह पारंपरिक राजनीतिक सभा के बजाय प्रतियोगी छात्रों के साथ राहुल गांधी का सीधा संवाद कार्यक्रम होगा। दावा किया जा रहा है कि प्रयागराज के अलावा आसपास के कई जिलों से छात्रों को इसमें आमंत्रित किया गया है। यही नहीं अब तक एक लाख से ज्यादा लोगों का रजिस्ट्रेशन भी हो चुका है।
प्रयागराज में राहुल गांधी के कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर
कार्यक्रम के लिए केपी कॉलेज मैदान में बड़े स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। जानकारी के अनुसार, दिल्ली की एक कंपनी यहां अत्याधुनिक वाटरप्रूफ पंडाल तैयार कर रही है। पंडाल को कई हिस्सों में बांटा गया है, ताकि कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए बैठने और अन्य व्यवस्थाएं की जा सकें। सूत्रों के मुताबिक, इस पंडाल पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। हालांकि, कांग्रेस की तरफ से कार्यक्रम की कुल लागत को लेकर आधिकारिक आंकड़ा शेयर नहीं किया गया है।
छात्रों से सीधा संवाद करेंगे राहुल गांधी
कांग्रेस नेताओं के अनुसार ‘गूज’ कार्यक्रम का मुख्य फोकस युवाओं और प्रतियोगी छात्रों से संवाद पर रहेगा। मंच पर राहुल गांधी अकेले मौजूद रहेंगे और छात्रों के सवालों का सीधे जवाब देंगे। पार्टी की तरफ से इसे छात्रों से जुड़े मुद्दों पर बातचीत के लिए काफी अहम कार्यक्रम बताया जा रहा है।
राहुल गांधी के इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्रों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में आयोजन स्थल पर एंट्री, बैठने और आवागमन से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के बाद आतिशबाजी की भी तैयारी
कार्यक्रम के समापन के बाद बड़े स्तर पर आतिशबाजी की भी तैयारी की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, इसके लिए लगभघ 10 लाख रुपये के पटाखों का ऑर्डर दिया गया है। हालांकि, आतिशबाजी और पूरे आयोजन से जुड़े खर्च को लेकर कांग्रेस की तरफ से आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
प्रशासन की नजर सुरक्षा और ट्रैफिक पर
राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंध करने के लिए कमर कस ली है। डीसीपी ने केपी कॉलेज मैदान का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और प्रवेश-निकास मार्गों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम के दौरान क्राउड मैनेजमेंट, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं।
