Prayagraj: यूपी में इन्फ्लुएंजा के खतरे की सुगबुगाहट के बीच स्वास्थ्य विभाग की ओर से इससे निपटने को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों में इसके लिए अलग से वार्ड आरक्षित किए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं। इधर, केंद्र सरकार की ओर से जारी की गई गाइडलाइन के मुताबिक, संगम नगरी प्रयागराज के सीएमओ डॉ. आशु पांडेय ने जनपद के सभी सरकारी हाॅस्पिटल्स सहित सीएचसी और पीएचसी पर तैनात अधिकारियों और डॉक्टरों को अलर्ट किया है।
प्रयागराज में इंफ्लुएंजा को लेकर सीएमओ ने जारी किए नए आदेश (फाइल फोटो)
इसे लेकर सीएमओ की ओर से जरूरी गाइडलाइन सभी अस्पतालों में भेजी गई है। स्वास्थ्य विभाग की माने तो फिलहाल प्रयागराज में अभी तक इन्फ्लुएंजा का कोई केस सामने नहीं आया है। हालांकि इस बीच सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में मरीजों की तादाद में इजाफा जरूर हुआ है। इस बीच हाॅस्पिटल्स की ओपीडी में आ रहे मरीजों की जांच को लेकर सभी चिकित्सक गंभीर हैं, किसी भी रोगी में इंफ्लुएंजा के जरा से भी लक्षण दिख रहे हैं उन्हें तुरंत राहत दी जा रही है।
