रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के मिर्जामुराद स्थित खोचवां में अहमदाबाद की प्रसिद्ध कंपनी अरविंद लिमिटेड की एक मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी का उद्घाटन किया। 150 करोड़ रुपये की लागत से बनी यह नई गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी करीब 7 से 8 एकड़ क्षेत्र में फैली है। यह संयंत्र पूर्वांचल क्षेत्र में कंपनी का पहला बड़ा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट है। इस दौरान प्रधानमंत्री ने प्रशिक्षण ले रहीं स्थानीय महिला कर्मचारियों से बातचीत की, उनका कुशलक्षेम पूछा और उनके कार्य व अनुभवों के बारे में जानकारी ली। इसी दौरान की एक बातचीत सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है।
महिला श्रमिकों से बात करते प्रधानमंत्री
"योगी जी को थैंक यू बोलो"
प्लांट के निरीक्षण और संवाद के दौरान एक बेहद हल्का-फुल्का और आत्मीय पल देखने को मिला, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब देखा और पसंद किया जा रहा है। प्रधानमंत्री से बातचीत करते हुए एक महिला कर्मचारी ने क्षेत्र में उद्योग लगने और बेहतर कानून-व्यवस्था की तारीफ करते हुए कहा, "जब से यह कंपनी खुली है सर, अब गांव के लोग भी जागरूक हो गए हैं कि नहीं, हमें भी अपनी बेटी को बाहर निकालना है। इसलिए मैं आपको कोटि-कोटि धन्यवाद करती हूं सर कि इस कंपनी की वजह से हम बाहर निकले हैं। यहां सुरक्षा बहुत है, तो हमारे परिवार के लोग भी..." महिला कर्मचारी की बात सुनकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुस्कुराते हुए तुरंत कहा, "योगी जी को थैंक यू बोलो।" पीएम मोदी की इस चुटकी पर पूरा माहौल हल्का हो गया।
दो चरणों में विकसित होगा प्रोजेक्ट, हजारों को मिलेगा रोजगार
न्यूज एजेंसी ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, यह संयंत्र पूर्ण रूप से क्रियाशील होने के बाद दो चरणों में विकसित किया जाएगा, जिससे पूरे पूर्वांचल क्षेत्र के हजारों युवाओं और महिलाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इस फैक्ट्री में मुख्य रूप से स्थानीय महिलाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार और तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। 1931 में स्थापित और अहमदाबाद (गुजरात) में मुख्यालय वाली अरविंद लिमिटेड डेनिम, कॉटन, लिनेन, स्पोर्ट्सवियर और इंडस्ट्रियल फैब्रिक तैयार करती है। इस नए प्लांट से बनने वाले कपड़े अब वैश्विक और राष्ट्रीय ब्रांडों तक पहुंचेंगे।
