Rajasthan News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल यानी शनिवार 4 जुलाई को राजस्थान के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह लगभग 1.06 लाख करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं का संबंध पेट्रोकेमिकल, रेलवे, सड़क, शहरी परिवहन, रिन्युएबल एनर्जी और पावर ट्रांसमिशन जैसे अहम क्षेत्रों से है। केंद्र सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से राज्य के औद्योगिक और बुनियादी ढांचे को नई गति मिलेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को राजस्थान दौरे पर
उड़ान योजना के नए चरण की शुरुआत
PM Modi अपने दौरे की शुरुआत ब्लू सिटी नाम से मशहूर ऐतिहासिक जोधपुर शहर से करेंगे। यहां वह नए एयरपोर्ट टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। इसी कार्यक्रम में संशोधित क्षेत्रीय हवाई संपर्क योजना उड़ान (UDAN) के नए चरण की भी शुरुआत होगी, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
पचपदरा रिफाइनरी राष्ट्र को समर्पित करेंगे पीएम मोदी
इसके बाद पीएम मोदी हेलिकॉप्टर से बालोतरा जिले के पचपदरा पहुंचेंगे, जहां वह 'भारत की पहली ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड रिफाइनरी-कम-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स' राष्ट्र को समर्पित करेंगे। एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी परियोजना 79,450 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से विकसित की गई है। यह अत्याधुनिक कॉम्प्लेक्स रिफाइनिंग और पेट्रोकेमिकल उत्पादन को एक जगह पर लाता है, जिससे ऊर्जा क्षेत्र के साथ-साथ डाउनस्ट्रीम उद्योगों को भी मजबूती मिलने की संभावना है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर कमेटी ने दान-चढ़ावे पर सख्त किए नियम, कथित 'चंदा चोरी' से लिया सबक
जयपुर मेट्रो के फेज-2 का शिलान्यास करेंगे पीएम मोदी
अपने इस दौरे पर प्रधानमंत्री मोदी 'जयपुर मेट्रो रेल परियोजना के फेज-2' का भी शिलान्यास करेंगे। इस परियोजना का उद्देश्य राज्य की राजधानी गुलाबी शहर जयपुर में सार्वजनिक परिवहन को अत्याधुनिक, तेज और सभी के लिए सुविधाजनक बनाना है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Delhi Dehradun Expressway पर हुए गड्ढों को भरा गया, ट्रैफिक बहाल; ठेकेदार का प्रोजेक्ट मैनेजर सस्पेंड
इन परियोजनाओं से निवेश, रोजगार और औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही ऊर्जा, परिवहन और शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में राजस्थान को कल बड़ी सौगात मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री के इस दौरे को राज्य के विकास एजेंडे के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
