दिल्ली मेट्रो का महा-विस्तार, शुरू हुई देश की पहली 'रिंग मेट्रो'; PM मोदी ने दी 33,500 करोड़ की सौगात

प्रधानमंत्री मोदी ने आज दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर का उद्घाटन किया और फेज 5-ए के तहत तीन नई लाइनों की आधारशिला रखी। 33,500 करोड़ की इन योजनाओं से दिल्ली-नोएडा और एयरपोर्ट कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को राजधानी दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन और बुनियादी ढांचे को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया। उन्होंने दिल्ली मेट्रो के दो नए महत्वपूर्ण कॉरिडोर का उद्घाटन करने के साथ-साथ तीन नई मेट्रो लाइनों की आधारशिला रखी। इन परियोजनाओं के अलावा, प्रधानमंत्री ने सरकारी आवासों के पुनर्विकास के लिए 15,200 करोड़ रुपये की योजनाओं का भी शुभारंभ किया, जिससे दिल्ली में कुल निवेश का आंकड़ा करीब 33,500 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

PM modi Delhi.

PM मोदी ने दी 33,500 करोड़ की सौगात

दिल्ली मेट्रो का विस्तार और 'रिंग मेट्रो'

प्रधानमंत्री मोदी द्वारा उद्घाटित किए गए दो नए कॉरिडोर दिल्ली के परिवहन नेटवर्क में क्रांतिकारी बदलाव लाएंगे। इसमें पिंक लाइन का लगभग 12.3 किलोमीटर लंबा मजलिस पार्क-मौजपुर बाबरपुर कॉरिडोर शामिल है, जो दिल्ली के उत्तर और उत्तर-पूर्वी इलाकों जैसे बुराड़ी, खजूरी खास और भजनपुरा को सीधा जोड़ेगा। इस खंड के शुरू होने से पिंक लाइन अब देश का पहला पूर्ण 'रिंग मेट्रो' कॉरिडोर बन गया है, जो पूरी दिल्ली के चारों ओर एक चक्कर पूरा करता है। इसके साथ ही मैजेंटा लाइन पर दीपाली चौक से मजलिस पार्क के बीच 9.9 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर का भी उद्घाटन किया गया। यह विस्तार हैदरपुर बादली मोड़ और भलस्वा जैसे क्षेत्रों के निवासियों के लिए वरदान साबित होगा। इन नए रूटों के चालू होने से न केवल सड़क पर वाहनों का दबाव कम होगा, बल्कि प्रदूषण के स्तर में भी गिरावट आने की उम्मीद जताई गई है।

End of Feed