सूखी रोटी, डंडो-बेल्ट की मार और पिटबुल का पहरा; मुजफ्फरनगर की फैक्ट्री से 12 बंधुआ मजदूर मुक्त; देखें खौफनाक वीडियो

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर स्थित एक फैक्ट्री में बंधुआ मजदूरी कर रहे 12 श्रमिकों को मुक्त कराया गया है। आरोपी श्रमिकों के साथ बुरी तरह से मारपीट करते यातनाएं देते थे और पिटबुल के साये में रखते थे, ताकि वे भाग न सकें।

मुजफ्फरनगर : उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में बंधुआ मजदूरी और अमानवीय यातनाओं का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। तितावी थाना क्षेत्र के माड़ी गांव स्थित एक ढोना (डोना) बनाने की फैक्ट्री पर लेबर विभाग, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 12 मजदूरों को बंधनमुक्त कराया है। आरोप है कि इन मजदूरों को पिछले डेढ़ से दो वर्षों से फैक्ट्री में बंधक बनाकर रखा गया था और उनकी निगरानी के लिए दो पिटबुल कुत्ते लगाए गए थे।

पुलिस के अनुसार मुक्त कराए गए मजदूर हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, झारखंड, बिहार, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और नेपाल के रहने वाले हैं। इन्हें 8 से 12 हजार रुपये मासिक वेतन, भोजन और अन्य सुविधाओं का लालच देकर फैक्ट्री में लाया गया था। यहां पहुंचने के बाद उनके मोबाइल फोन और आधार कार्ड छीन लिए गए तथा उन्हें बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जाती थी।

End of Feed