Kangra Pickup Truck Accident: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के जदरांगल के पास एक पिकअप ट्रक गहरी खाई में गिर गया, जिसमें सवार पंजाब के चार लोगों की मौत हो गई और 25 अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, यह वाहन कांगड़ा स्थित माता चामुंडा देवी मंदिर से श्रद्धालुओं को लेकर पंजाब के मोगा लौट रहा था। चामुंडा-धर्मशाला मार्ग पर इक्कू मोड़ के पास ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा।
कांगड़ा जिले में खाई में पिकअप गिरने से 4 श्रद्धालुओं की मौत
पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य गंभीर रूप से घायल हुए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। सभी घायलों को टांडा स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान तीन और श्रद्धालुओं की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान मोगा जिले के भगीके गांव निवासी किरण (35), सुखजिंदर सिंह (35), जगसीर सिंह (38) और परमजीत कौर (35) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
(इनपुट - भाषा)
