Punjab News: पंजाब के संगरूर में भारतीय जनता पार्टी के दफ्तर पर पेट्रोल बम से हमले की एक घटना सामने आई है। हालांकि, घटना शनिवार और रविवार के बीच की रात की बताई जा रही है, लेकिन इस बारे में जानकारी आज मिली है। जानकारी के मुताबिक रविवार तड़क लगभघ 3 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने कांच की बोतल में पेट्रोल भरकर यहां के भाजपा दफ्तर पर फेंका।
संगरूर में भाजपा कार्यालय पर पेट्रोल बम से अटैक
बाताया जा रहा है कि पेट्रोल से भरी बोतल भाजपा दफ्तर की दीवार से जा टकराई। इसके बाद वहां आग लग गई। आग लगने की वजह से दीवारों पर काले रंग के निशान साफ दिखाई दे रहे हैं। इस घटना के बारे में सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब भाजपा कार्यालय के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज (CCTV Footage) खंगाल रही है। इसके साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। हहालांकि, अभी तक हमले के पीछे के असली कारणों और आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि भाजपा कार्यालय पर हमला किसी राजनीतिक रंजिश के चलते किया गया है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस ने घटनास्थल से सुबूत इकट्ठा किए हैं और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
पंजाब में अगले साल की शुरुआत में ही विधानसभा चुनाव होने तय हैं। ऐसे में भाजपा कार्यालय पर हुए इस पेट्रोल बम के अटैक को लेकर राजनीति भी गर्म हो गई है। इसको लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज है। फिलहाल तो पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही इस घटना को लेकर कुछ साफ तौर पर कहा जा सकता है।
