Patna Coaching Institutes Shifting: बिहार की राजधानी पटना में खान ग्लोबल स्टडीज (खान सर) और ज्ञान बिंदु जैसे फेमस कोचिंग संस्थानों के बीच हाल ही में हुए विवाद के बाद, राज्य सरकार ने एक बेहद बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लेने की तैयारी कर ली है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (,CM Samrat Choudhary) ने ऐलान किया है कि पटना शहर के भीतर चल रहे सभी कोचिंग संस्थानों को अब चरणबद्ध (तरीके से) शहर के बाहर शिफ्ट किया जाएगा।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान
भविष्य में पटना शहर के मुख्य रिहाइशी और व्यापारिक इलाकों में कोचिंग चलाने की अनुमति नहीं होगी। सरकार के इस फैसले से पटना की शिक्षा व्यवस्था और शहरी बुनियादी ढांचे में एक बहुत बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
क्यों लिया गया यह बड़ा फैसला?
दरअसल, पटना (Patna News) के कई इलाकों (जैसे मुसल्लहपुर हाट, भिखना पहाड़ी, बोरिंग रोड) में हजारों की संख्या में कोचिंग संस्थान बेहद संकरी गलियों और बिना सुरक्षा मानकों के चल रहे हैं। यहां अक्सर छात्रों की भारी भीड़ के कारण जाम, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा की समस्या बनी रहती है। हालिया विवादों ने इस समस्या को और बढ़ा दिया, जिसके बाद सरकार को यह कड़ा रुख अपनाना पड़ा।
शहर के बाहर बनेगा सर्वसुविधायुक्त 'कोचिंग हब'
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने साफ किया कि सरकार छात्रों के भविष्य और उनकी सहूलियत को ध्यान में रखकर ही यह कदम उठा रही है। शहर से बाहर कोचिंग संस्थानों के लिए एक आधुनिक और सुव्यवस्थित 'कोचिंग हब' विकसित किया जाएगा। इस हब में छात्रों को केवल पढ़ाई का ही माहौल नहीं मिलेगा, बल्कि उनके लिए कई बेहतरीन सुविधाएं भी तैयार की जाएंगी। जिसमें छात्रों के लिए सुरक्षित हॉस्टल, बेहतर परिवहन व्यवस्था के साथ-साथ सुरक्षा का ध्यान रखा जाएगा।
अधिकारियों को योजना बनाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों को इस संबंध में एक विस्तृत और व्यावहारिक कार्ययोजना तैयार करने का सख्त निर्देश दे दिया है। सरकार का मुख्य उद्देश्य छात्रों को पढ़ाई के लिए एक शांत, सुरक्षित और तनावमुक्त माहौल देना है, जहां उन्हें बुनियादी जरूरतों के लिए भटकना न पड़े।
